Thursday, October 22nd, 2026

बेकाबू होकर पुल की रेलिंग तोड़ी, रेलवे ट्रैक के ऊपर लटकने लगी कार 

 गोरखपुर 
उत्‍तर प्रदेश के गोरखपुर में गुरुवार की सुबह एक लग्‍जरी कार अचानक बेकाबू होकर गोरखनाथ पुल की रेलिंग तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक के ऊपर लटक गई। बताया जा रहा है कि इस वजह से एक ट्रेन को करीब आधे घंटे तक रोकना पड़ा। हादसे के बाद गाड़ी में फंसे रह गए दो सवारों को लोगों ने किसी तरह कार से सुरक्षित बाहर निकाला। उधर, एक अन्‍य दुर्घटना धर्मशाला पुल के पास हुई। वहां कार और बाइक की टक्‍कर में एक व्‍यक्ति की मौत की खबर है। 


मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह दो लोग एक लग्‍जरी कार से गोरखनाथ पुल के ऊपर से गुजर रहे थे। इसी दौरान अचानक कार बेकाबू हो गई। कार पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक के ऊपर पुल से लटक कर रुक गई। गनीमत रही कि कार रेलवे ट्रैक पर नहीं गिरी और उस वक्‍त उस रूट पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी। बहरहाल, पुल पर लटकती कार में फंसे दो सवारों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस दौरान एहतियातन करीब आधे घंटे तक उस ट्रैक से गुजरने वाली एक ट्रेन को रोके जाने की खबर है। पुलिस ने क्रेन बुलवाकर कार को पुल की रेलिंग से हटवाया तब जाकर नीचे रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन बहाल किया गया। उधर, धर्मशाला पुल के पास कार और बाइक की टक्‍कर में एक व्‍यक्ति के मारे जाने की सूचना है। 

 

Source : Agency

पाठको की राय