Sunday, October 25th, 2026

TMC प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, तुषार मेहता के इस्तीफे की मांग

ममता बनर्जी की TMC और भाजपा के बीच की लड़ाई थमने का नाम नहीं ले रही है. इस बार के झगड़े के बीच में हैं सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता . TMC का आरोप है कि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की है जो नारदा घोटाले के आरोपी हैं.

तुषार मेहता पर हितों के टकराव का आरोप लगाते हुए तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात कर सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता के इस्तीफे की मांग की है.

इस प्रतिनिधिमंडल में TMC सांसद सुखेंदु रॉय और महुआ मोइत्रा भी थीं, जिन्होंने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपते हुए तुषार मेहता के इस्तीफे की मांग की है साथ ही शुभेंदु से तुषार मेहता की मुलाकात से जुड़े हितों की जांच करने की भी मांग की है.

इस पूरे मामले पर TMC नेता महुआ मोइत्रा ने आजतक से कहा है- क्या मेहता आपराधिक मामलों से जुड़े हुए लोगों को अपने घर में इंतजार करने की अनुमति देते हैं, उन्हें चाय भिजवाते हैं? क्या कोई आरोपी बिना किसी सूचना के सॉलिसिटर जनरल के घर जा सकता है?

महुआ मोइत्रा ने आगे कहा ''जब अधिकारी उनके घर पर गए, तब इनकी सिक्योरिटी ने वॉकी-टॉकी से बात की. इसके बाद कार को अंदर जाने की अनुमति मिली. कोई भी सॉलिसिटर जनरल के घर में बिना उनकी अनुमति के एंट्री नहीं कर सकता है. ये गलत आचरण है और BCI के नियमों के खिलाफ होने के साथ-साथ हितों के टकराव का मामला है.''

इससे पहले TMC ने प्रधानमंत्री मोदी को भी एक पत्र लिखकर सॉलिसिटर जनरल के इस्तीफे की मांग की है. अब TMC का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के पास पहुंचा है. इस मामले में दिलचस्प बात ये है कि शुभेंदु और खुद तुषार मेहता दोनों ने ही अपने बीच हुई मुलाकात की बात को सिरे से नकार दिया है. तुषार मेहता ने कहा है कि शुभेंदु उनके घर आए थे लेकिन उन्होंने अपने गार्डों से उनसे मिलने से मना कर दिया था और इसके लिए शुभेंदु से माफी मांगी थी.

 

Source : Agency

पाठको की राय