Thursday, October 22nd, 2026

शेयर बाजार में खुलते ही हाहाकार, सेंसेक्स 700 अंक लुढ़का; इन स्टॉक्स में मची भगदड़

मुंबई 
शेयर बाजार में एक बार फिर क्रैश देखने को मिला है. सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को मार्केट ओपन होने के साथ ही सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स बिखर गए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला BSE Sensex खुलते ही 700 अंकों का गोता लगा गया, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का NSE Nifty 200 अंक से ज्यादा फिसल गया. बाजार में आए इस भूचाल के बीच मारुति, टाटा स्टील, पावर ग्रिड और बीईएल जैसे बड़े शेयर ताश के पत्तों की तरह बिखरे हुए नजर आए।  

Sensex-Nifty हुए धड़ाम 
गुरुवार को शेयर बाजार में खुलते ही तबाही का मंजर देखने को मिला है. बीएसई का सेंसेक्स इंडेक्स अपने पिछले बंद 73,709 की तुलना में तेज गिरावट लेकर 73,343 के लेवल पर खुला और फिर अचानक इसके गिरने की रफ्तार तेज हो गई और महज पांच मिनट में ही 30 शेयरों वाला ये इंडेक्स 700 अंक से ज्यादा फिसलकर 73,005 पर आ गया। 

बात एनएसई निफ्टी की करें, तो ये इंडेक्स भी सेंसेक्स के कदम से कदम मिलाकर चलते हुए दिखाई दिया. अपने पिछले कारोबारी बंद 22,811 की तुलना में ये 22,687 पर ओपन हुआ. इसके बाद 50 शेयरों वाले इस इंडेक्स के फिसलने की रफ्तार भी तेज हो गई और ये 22,557 के लेवल पर कारोबार करता नजर आया। 

हर ओर गिरावट ही गिरावट
शेयर मार्केट में आई इस गिरावट के बीच बीएसई लार्जकैप कैटेगरी में शामिल 30 में से 28 शेयर रेड जोन में कारोबार कर रहे थे. सबसे ज्यादा बिखरने वाले शेयरों की बात करें, तो PowerGrid Share (2.60%), BEL Share (2.25%), Maruti Share (2%), Tata Steel Share (1.99%) की गिरावट लेकर ट्रेड कर रहे थे. इसके अलावा HDFC Bank Share (1.80%), Asian Paints Share (1.70%) गिरकर कारोबार कर रहे हैं। 

कल भी क्रैश हुआ था शेयर बाजार 
बीता कारोबारी दिन बुधवार शेयर मार्केट निवेशकों के लिए बेहद खराब और हैरान करने वाला साबित हुआ था. दरअसल, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स-निफ्टी रॉकेट की रफ्तार से भागते हुए नजर आए थे. बीएसई का सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा, तो एनएसई का निफ्टी 200 अंक के आसपास उछल गया था। 

लेकिन ऊपरी स्तर पर हुई मुनाफा वसूली ने अचानक इनकी रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया और देखते ही देखते BSE Sensex दिन के हाई लेवल से 1400 अंक फिसल गया था. हालांकि, शेयर मार्केट में कारोबार खत्म होने पर 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 143 अंक की गिरावट लेकर 73,709 पर, तो वहीं 50 शेयरों वाला निफ्टी इंडेक्स 77 अंक फिसलकर 22,811 पर बंद हुआ था। 

विदेशों से गिरावट से मिले थे संकेत
गुरुवार को शेयर बाजार में इस गिरावट के संकेत पहले से ही मिल रहे थे. दरअसल, एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा हुआ है, जापान का निक्केई इंडेक्स खबर लिखे जाने तक करीब 1000 अंक तक टूटकर कारोबार कर रहा था. तो वहीं हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स 600 अंक के आसपास फिसल गया था. साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स की बात करें, तो ये इंडेक्स भी करीब 3 फीसदी की गिरावट में नजर आया था. इसके अलावा Gift Nifty भी इस दौरान 100 अंक से ज्यादा गिरकर कारोबार कर रहा था। 

 

#Stock Market Crash

Source : Agency

आपकी राय

9 + 2 =

पाठको की राय