Thursday, October 22nd, 2026

राष्ट्रपति आज प्रयागराज में, लॉ यूनिवर्सिटी और मल्टीस्टोरी बिल्डिंग का करेंगे शिलान्यास

प्रयागराज
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज प्रयागराज पहुंच रहे हैं। यहां वह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी और हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं के चैंबर एवं पार्किंग के लिए मल्टीस्टोरी बिल्डिंग का शिलान्यास करेंगे। वह तकरीबन छह घंटे प्रयागराज में बिताएंगे। राष्ट्रपति यहां वायुसेना के विमान से बम्हरौली पहुंचेंगे। वहां से वह सेना के हेलिकॉप्टर से पोलो ग्राउंड में उतरेंगे।

हाईकोर्ट के परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एनवी रमण भी शामिल होंगे। उनका विमान राष्ट्रपति के विमान से पहले आएगा। चीफ जस्टिस सड़क मार्ग से हाईकोर्ट आएंगे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लखनऊ से विशेष विमान से प्रयागराज आएंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश के कानून मंत्री बृजेश पाठक आदि भी शामिल होंगे।

हाईकोर्ट परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के बाद राष्ट्रपति सर्किट हाउस जाएंगे। शाम पांच बजे तक राष्ट्रपति की रवानगी प्रयागराज से हो जाएगी। उनके जाने के बाद सीएम यहां से रवाना होंगे, जबकि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल का रात्रि प्रवास प्रयागराज में ही रहेगा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी शाम को ही लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। उधर राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला दिनभर तैयारियों में जुटा रहा।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के शहर आगमन के मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर नाकेबंदी कर दी गई। एक दिन पहले ही जवानों को सुरक्षा ड्यूटी में मुस्तैद कर दिया गया। अफसरों व पुलिसकर्मियों को मिलाकर चार हजार से ज्यादा जवान सुरक्षा में तैनात किए गए हैं। तैयारी के मद्देनजर पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की गाड़ियों शुक्रवार को दिन भर इधर से उधर दौड़ती रहीं। उधर पुलिस अफसरों की मौजूदगी में बम्हरौली से सर्किट हाउस और फिर पोल ग्राउंड से हाईकोर्ट स्थित कार्यक्रम स्थल तक फ्लीट रिहर्सल कर तैयारियों को परखा गया।

11 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम के मदद्देनजर एक दिन पहले से जवानों को ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात कर दिया गया। सुरक्षा में चार हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। कार्यक्रम के मद्देनजर पांच आईपीएस और आठ एडिशनल एसपी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही 36 डिप्टी एसपी, 88 इंस्पेक्टर, 346 दरोगा, 1790 कांस्टेबल, चार कंपनी पीएसी, एक कंपनी आईटीबीपी लगाई गई है।

 

#President

Source : Agency

पाठको की राय