बिजली संकट: कोल इंडिया ने लिया बड़ा फैसला, इन सबकी सप्लाई रोकी- रिपोर्ट
कोलकाता
बिजली संयंत्रों को कोयले की सप्लाई बाधित ना हो, इसके लिए कोल इंडिया ने एक बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत वह फिलहाल सिर्फ इन्हीं कंपनियों को कोयला आपूर्ति करने पर फोकस करेगी और बाकी उपभोक्ताओं की सप्लाई अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से कुछ राज्य सरकारें दावा कर रही हैं कि कई बिजली प्लांट के पास कोयले का स्टॉक नहीं बचा है, जिससे बिजली कटौती की स्थिति पैदा हो रही है। सबसे ज्यादा दिल्ली सरकार परेशान है, जो पिछले हफ्ते भर से लगातार एक या दो दिनों का ही कोयला बचे होने का दावा कर रही है। हालांकि, केंद्र सरकार लगातार दावा कर रही है कि ना तो कोयले की कमी है और ना ही बिजली उत्पादन को प्रभावित होने दिया जाएगा।
कोल इंडिया लिमिटेड के एक अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि इसने अपने गैर-विद्युत उपभोक्ताओं को कोयले की आपूर्ति अस्थाई तौर पर रोक दी है। गौरतलब है कि भारतीय बिजली कंपनियां इस वक्त भयंकर कोयला संकट झेल रही हैं, जिसकी वजह से विद्युत उत्पादन प्रभावित होने की खबरें हैं। बता दें कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड दुनिया की सबसे बड़ी कोयला खनन कंपनी है। कोल इंडिया की इस योजना से जुड़े सूत्र के हवाले से रॉयटर्स ने कहा है, 'स्टॉक में स्थिरता बहाल होने तक बिजली संयंत्रों को आपूर्ति में अस्थायी प्राथमिकता है।' हालांकि, कंपनी की ओर से खबर लिखे जाने तक आधिकारिक टिप्पणी नहीं मिल पाई है।

पाठको की राय