Friday, October 23rd, 2026

पचमढ़ी बैठक: पर्यटन विकास के लिए शासन, प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका

भोपाल
दो दिवसीय चिंतन बैठक पचमढ़ी में जारी है. आज चिंतन शिविर का दूसरा दिन है. चिंतन-मंथन के दूसरे दिन मंत्रिमंडल के साथ सीएम शिवराज विभागीय कार्यों के अलावा भी मंत्री समूह से चर्चा करेंगे. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने आज सुबह की शुरुआत दिनचर्या के अनुसार आम का पेड़ लगाकर की. उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे ही धरती का वास्तविक श्रृंगार है, आइए हम सब पौधारोपण कर अपनी धरती को हरा-भरा और समृद्ध बनाएं.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सतपुड़ा अंचल के पर्यटन स्थल पचमढ़ी को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं। पचमढ़ी के पर्यटन विकास के लिए शासन, प्रशासन और आम जन के साथ जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

आज पचमढ़ी में चिंतन बैठक प्रारंभ होने के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान से भेंट करने आए सांसद राव उदय प्रताप सिंह, विधायक ठाकुर दास नागवंशी, माधव दास अग्रवाल, कमल धूत और अन्य जनप्रतिनिधियों से चर्चा में सीएम चौहान को जनप्रतिनिधियों ने पर्यटन विकास से संबंधित सुझाव भी दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर संचालित पर्यटन विकास गतिविधियों से अवगत करवाया।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पचमढ़ी की जलवायु, पर्वतीय संरचना, वन्य जीवन और नैसर्गिक सौंदर्य अद्भुत है। यहां जनकल्याण के उद्देश्य से उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। दो दिन से बैठक में राज्य मंत्री परिषद के सदस्यों के साथ गंभीर और सार्थक चर्चा हुई है। अनेक योजनाओं के स्वरूप को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। सांसद उदय प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री चौहान को सतपुड़ा अंचल की एक तस्वीर भी भेंट की। इस मौके पर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, गुरुकरण सिंह व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विभागीय समीक्षा बैठकों के कार्यों की जानकारी लेंगे सीएम
मुख्यमंत्री ने पचमढ़ी में आयोजित मंत्री परिषद की दो दिवसीय चिंतन बैठक के दूसरे दिन गत 3 से 11 जनवरी की अवधि में हुई विभागीय समीक्षा बैठकों के निर्देशों के परिपालन के लिए विभागों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी मंत्रीगणों से प्राप्त की. वहीं कृषि मंत्री ने बताया कि कल 12 घंटे बैठक चली है, परिवहन मंत्री ने बताया आज भी कई विभागीय योजनाओं को लेकर चर्चा होगी और कुछ नया नवाचार किया जाएगा.

2023 में पुनः कमल खिलेगा
कृषि मंत्री कमल पटेल ने बताया कि अच्छे वातावरण में बैठक हुई है. लगातार 12 घंटे हमने विभिन्न योजनाओं को लेकर धरातल पर क्या स्थिति है, क्या सुझाव निकलेंगे, सभी ने उसमें सुझाव भी दिए. मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने, प्रधानमंत्री का संकल्प कृषि से किसानों की आय दोगुनी हो. उसके लिए कृषि विभाग मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कार्य कर रहा है, 2023 में पुनः कमल खिलेगा.

समय से पहले की चने, मूंग और सरसों की खरीद
प्राकृतिक खेती के लिए एक लाख हेक्टेयर में पायलट प्रोजेक्ट बना कर नर्मदा के दोनों ओर खेती कराएंगे. सरसों में पांच लाख हेक्टेयर बढ़ाया है, चने का क्षेत्रफल बढ़ाया है. एक जिला एक उत्पाद को लेकर उसके तहत भी किसान की आय बढ़ाने में हम सफल रहे हैं. मई में जो चना, मूंग और सरसों की फसल की खरीदी होती थी उसे मार्च में की है. ग्रीष्मकालीन मूंग नर्मदापुरम संभाग के तवा डैम 23 तारीख को छुड़वाया.

दूसरे दिन विभागों को लेकर चर्चा होगी
परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि कल लाडली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना, कन्यादान योजना, गांव-गांव में नल जल से पानी देने की बात हो, जो कमेटियां मुख्यमंत्री जी ने बनाई थी उसमे सार्थक चर्चा हुई है. सारी योजनाएं भाजपा सरकार में बनी हैं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा ही बनाई गई थी. उन्हें नए रूप में जनता के सामने पेश करना है, ताकि जनता को उससे लाभ प्राप्त हो सके. आज दूसरे दिन में विभागों की समीक्षा होगी, विभागों को लेकर चर्चा होगी. क्या हमने इसमें किया है और क्या नवाचार करेंगे, इन सभी बातों को लेकर चर्चा की जाएगी.

 

 

Source : Agency

पाठको की राय