Wednesday, October 21st, 2026

ओयो क्रिकेट विश्व कप के मेजबान शहरों में 500 होटल जोड़ेगी

नई दिल्ली
आतिथ्य सेवा से जुड़े प्रौद्योगिकी मंच ओयो ने कहा कि भारत में होने वाले एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप के मैचों की मेजबानी करने वाले शहरों में उसकी अगले तीन महीनों में करीब 500 नए होटल जोड़ने की योजना है।

ओयो ने एक बयान में कहा कि विश्व कप टूर्नामेंट के मैचों के आयोजन स्थलों के आसपास मौजूद होटल को साथ में जोड़ा जाएगा। दुनिया भर से आने वाले क्रिकेटप्रेमियों को ध्यान में रखते हुए नए होटल मंच से जोड़ने की तैयारी है।

कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘ओयो अगले तीन महीनों में विश्व कप मैचों के आयोजन वाले शहरों में 500 होटल अपने साथ जोड़ेगी। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि अपनी पसंदीदा टीम को खेलते हुए देखने के लिए आने वाले दर्शकों को सुविधाजनक एवं किफायती रिहाइश मिले।’

इस साल अक्टूबर-नवंबर में भारत में क्रिकेट विश्व कप खेला जाने वाला है। इसके मुकाबले अहमदाबाद, हैदराबाद, दिल्ली, धर्मशाला, चेन्नई, लखनऊ, बेंगलुरु, मुंबई, कोलकाता और पुणे में खेले जाएंगे। इस बीच ऑनलाइन यात्रा सेवाएं देने वाली कंपनी मेकमाईट्रिप ने विश्व कप मैचों के मेजबान शहरों के निवासियों से अपने मकान सूचीबद्ध करने को कहा है। होटल के बजाय घरों में मेहमान के तौर पर ठहरने (होमस्टे) के बढ़ते चलन को देखते हुए मेकमाईट्रिप ने यह सुविधा शुरू की है।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय