Thursday, October 22nd, 2026

सब्जी बीज से थरहा तैयार करने की नई सीडलिंग मशीन स्थापित

रायपुर
छत्तीसगढ़ राज्य के किसान उद्यान विभाग के जरिए खेती-किसानी के आधुनिक एवं नवीनतम तकनीक नयी सीडलिंग मशीन से पूरी जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठाने लगे हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के शासकीय रोपणी सिमगा में इस तकनीक का प्रयोग सफलतापूर्वक किया जा रहा है।

सब्जी बीज से थरहा (पौधा नर्सरी) तैयार करने की नयी सीडलिंग मशीन सिमगा स्थित उद्यान विभाग की शासकीय रोपणी में स्थापित की गई है। इस मशीन के जरिये थरहा तैयार करने में 90 से 95 प्रतिशत तक बीज का अंकुरण होता है और स्वस्थ पौधे तैयार होते हैं। आम किसान भी नाममात्र का शुल्क देकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। सहायक संचालक उद्यान राघव स्वरूप वर्मा ने बताया कि इस अत्याधुनिक विधि से थरहा बहुत जल्द तैयार हो जाते हैं। जमीन से थरहा तैयार करने में 70 से 80 प्रतिशत ही बीजों में अंकुरण हो पाता है, जिसकी रोपाई करते तक मात्र 60-65 प्रतिशत तक ही बच पाते है। साथ ही मिनी प्लग यूनिट से तैयार किये जाने वाले सब्जी के पौध रोगरहित एवं उच्च गुणवत्ता युक्त होते हैं। उन्होंने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि खरीफ धान के बाद जो भी किसान उक्त यूनिट से सब्जी पौधे के थरहा तैयार करवाना चाहते हैं, शासकीय उद्यान रोपणी सिमगा में स्वयं का बीज देकर थरहा तैयार करवा सकते हैं। इसके लिए प्रति पौधा 80 पैसा शुल्क निर्धारित किया गया है। पौधे का थरहा घर तक पहुंचाकर प्रदान किया जायेगा। किसानों से लिये जाने वाली राशि की रसीद भी दी जायेगी।

 

#seedling machine

Source : Agency

पाठको की राय