हर जिले के सौ गांवों में होगी प्राकृतिक खेती, कैबिनेट बैठक में कुल 41 प्रस्तावों पर हुआ मंथन
भोपाल
प्रदेश में किसानों को राज्य सरकार एक देशी गाय के पालन के लिए अनुदान देगी। वहीं प्रत्येक जिले के सौ गांवों में प्राकृतिक खेती प्रारंभ की जाएगी। वहीं प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन परियोजना के अंतर्गत होम स्टे निर्माण और उन्नयन के लिए अनुदान भी दिया जाएगा। मंत्रालय में आयोजित कै बिनेट बैठक में इन प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में 41 से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा की गई। राज्य सरकार हर जिले के सौ गांवों का चयन प्राकृतिक खेती के लिए करेगी । इन गांवों में से पांच किसानों का चयन किया जाएगा जिन्हें गौपालन के लिए हर माह नौ सौ रुपए अनुदान दिया जाएगा। हर विकासखंड में पांच प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा जो किसानों को प्रशिक्षण देंगे। इन्हें मानदेय दिया जाएगा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता ऋण योजनाकी अवधि वर्ष 2023-24 तक बढ़ाने पर भी विचार किया गया। इस अवधि में चार लाख पथविक्रेताओं को दस हजार रुपए का ऋण सरकार अपनी गारंटी पर दिलाएगी। बैठक में स्कूल शिक्षा विभाग की विभागीय स्थानांतरण नीति जारी करने पर भी विचार किया गया। विभागीय सम्पत्तियों के संधारण की नवीन योजना का अनुसमर्थन भी कैबिनेट ने किया।
परिवहन करार के तहत उत्तरप्रदेश के ऐसे वाहन जिन्होंने वहां कर का भुगतान कर दिया है, मध्यप्रदेश में चित्रकूट के मुक्त क्षेत्र केन्द्र से दस किलोमीटर की परिधि में कोई कर नही लेने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। यहां डबल ठेकर या ठेका काड़ी जो कर्वी की ओर से प्रवेश करती है उन्हें भी कर में छूट दी जाएगी। राजधानी परियोजना प्रशासन के अंतर्गत गठित वन मंडल का नाम पर्यावरण वानिकी वनमंडल करने पर भी चर्चा की गई।
नक्सल विरोधी विशेष भत्ता मंजूर
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पदस्थ हॉक फोर्स और गुप्तचर शाखा के पुलिस कर्मियों का विशेष भत्ता मंजूर हो गया है। गुप्तचर शाखा के आरक्षक को हर माह 19 हजार, प्रधान आरक्षक को 25 हजार, एसआई को 3 हजार और निरीक्षक को 38 हजार रुपए प्रति माह विशेष भत्ता दिया जाएगा। उन्हें एक से पांच वर्ष की प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी करने पर पंद्रह सौ से साढ़े सात हजार रुपए प्रतिमाह विशेष भत्ता भी दिया जाएगा। इसी तरह हॉक फोर्स में आरक्षक को 12 हजार 500, प्रधान आरक्षक को 15 हजार 500, एएसआई को 18 हजार, एसआई को 22 हजार, निरीक्षक को 25 हजार 500, सहायक सेनानी को 31 हजार, उप सेनानी को 33 हजार और सेनानी को प्रतिमाह 35 हजार रुपए अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा।

पाठको की राय