Thursday, October 22nd, 2026

मंत्री डंग ने पौध-रोपण कर मनाया जन्म-दिवस

भोपाल

पर्यावरण, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग ने आज मंदसौर जिले के सुवासरा में पीपल, बरगद, नीम (त्रिवेणी) के पौधे रोप कर अपना जन्म-दिन मनाया। डंग के साथ नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में नीम, बरगद, करंज सहित अन्य प्रजातियों के पौधे रोपे। डंग ने लोगों से अपील की कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रोज़ पौध-रोपण के संकल्प में साथ देते हुए पृथ्वी को जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वॉर्मिंग जैसी चुनौतियों से बचाने में मदद करें।

डंग ने कहा कि परिवार में जन्म-दिवस, पुण्य-तिथि और अन्य कार्यक्रमों में पौध-रोपण अवश्य करें। बुके देने के स्थान पर पौधों का आदान-प्रदान कर पर्यावरण को संतुलित बनाने में योगदान दें।

ऊर्जा बचत का संकल्प

नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री डंग ने लोगों को बिजली के किफायती उपयोग का भी संकल्प दिलाया। उन्होंने लोगों को ऊर्जा साक्षरता का पाठ पढ़ाते हुए अपने परिवार, पड़ोस और समाज में इसकी उपयोगिता को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की। डंग ने लोगों से कहा कि सौर ऊर्जा जैसे प्राकृतिक ऊर्जा स्त्रोतों को अपनाते हुए ऊर्जा अपव्यय को रोक कर उसे आत्म-निर्भर प्रदेश और देश बनाने में सहभागी बनें।

 

#planting saplings

Source : Agency

पाठको की राय