स्पेस छोड़िए, अभी पृथ्वी पर बहुत कुछ करना है, बिल गेट्स का मस्क-बेजोस पर तंज
नई दिल्ली
माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने दुनिया के दो सबसे बड़े दौलतमंद अरबपति- एलन मस्क और जेफ बेजोस पर तंज कसा है। दरअसल, एक इंटरव्यू में बिल गेट्स से अंतरिक्ष यात्रा को लेकर दिलचस्पी पर सवाल किया गया था। इसी सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि स्पेस छोड़िए, अभी पृथ्वी पर बहुत कुछ करना है। बिल गेट्स ने ये बयान ऐसे समय में दिया है जब एलन मस्क और जेफ बेजोस, दोनों ही स्पेस की दुनिया में अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं।
क्या कहा अंतरिक्ष यात्रा पर: एक इंटरव्यू में जेम्स कॉर्डन ने बिल गेट्स से पूछा कि दूसरे अरबपतियों की तरह क्या आपकी अंतरिक्ष यात्रा या प्रयोग में कोई दिलचस्पी है। इसके जवाब में बिल गेट्स ने कहा, "अंतरिक्ष? हमें यहां पृथ्वी पर बहुत कुछ करना है।" बिल गेट्स ने साथ ही ये भी कहा- मैं मलेरिया और एचआईवी जैसी बीमारियों से निपटने में लगा हूं। मैं उन बीमारियों से छुटकारा पा रहा हूं। मैं शायद कॉकटेल पार्टियों में लोगों से बात कर सबको बोर करूंगा।
आपको बता दें कि ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस ने हाल ही में अंतरिक्ष यात्रा की थी। जेफ बेजोस ने अपनी कंपनी Blue Origin के कैप्सूल में अंतरिक्ष का दौरा किया था। इसके अलावा टेस्ला के फाउंडर एलन मस्क की भी कंपनी स्पेस-एक्स अंतरिक्ष की दुनिया में सक्रिय है। इस कंपनी के कई कैप्सूल यात्रियों को अंतरिक्ष की सैर करा चुके हैं।
दौलत में कौन कहां: अगर दौलत की बात करें तो एलन मस्क 209 बिलियन डॉलर के साथ दुनिया के सबसे अमीर रईस बन गए हैं। वहीं, जेफ बेजोस की बात करें तो 198 बिलियन डॉलर की दौलत के साथ दूसरे सबसे अमीर अरबपति हैं। अगर बिल गेट्स की बात करें तो वह अब भी दुनिया के पांचवें अमीर अरबपति बने हुए हैं। बिल गेट्स की संपत्ति 129 बिलियन डॉलर है।

पाठको की राय