Thursday, October 22nd, 2026

बायो बबल में नहीं खेली जाएगी भारत vs दक्षिण अफ्रीका टी20 सीरीज

 नई दिल्ली
 
कोविड-19 के दौर में ज्यादातर सीरीज बायो बबल में खेली जा रही हैं, जिसका असर खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ पर पड़ता नजर आ रहा है, ऐसे में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज को बिना बायो बबल के खेलने का बड़ा फैसला सुना सकता है। कोविड-19 महामारी को देखते हुए बायो बबल क्रिकेटरों के जीवन का अहम हिस्सा बन गए हैं और विदेशों और अपने देश में लगभग सारी सीरीज बायो बबल के कड़े नियमों के बीच हो रही है।
 

टी20 सीरीज के मुकाबले 9 से 19 जून के बीच दिल्ली, कटक, विजाग, राजकोट और बेंगलुरु में खेले जाने हैं। खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा को देखते हुए आईपीएल बायो बबल में खेली जा रही है। आईपीएल 29 मई को खत्म होगा और बीसीसीआई नहीं चाहता कि उसके खिलाड़ी लीग खत्म होने के बाद एक बार फिर बायो बबल का हिस्सा बनें।

बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, 'अगर सब कुछ सही रहा और चीजें अभी की तरह कंट्रोल में रहीं तो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान बायो बबल और कड़ा आइसोलेशन नहीं होगा।' उन्होंने कहा, 'इसके बाद हम आयरलैंड और इंग्लैंड जाएंगे और इन देशों में भी कोई बायो बबल नहीं होगा।' बीसीसीआई को मालूम है कि बायो बबल से खिलाड़ियों की मेंटल हेल्थ पर असर पड़ सकता है।
 
अधिकारी ने कहा, 'कुछ खिलाड़ियों को समय-समय पर ब्रेक मिला है लेकिन अगर बड़ी तस्वीर देखें तो एक के बाद एक सीरीज और अब दो महीने आईपीएल के दौरान बायो बबल का हिस्सा होना खिलाड़ियों के लिए काफी थकाऊ है।' ब्रिटेन में अभी किसी भी खेल के लिए बायो बबल नहीं है और इसलिए उम्मीद है कि भारतीय टीम को भी वहां बायो बबल का हिस्सा नहीं बनना होगा। भारतीय टीम को ब्रिटेन में तीन हफ्ते में एक टेस्ट और सीमित ओवरों के छह मुकाबले खेलने हैं।

 

 

#भारत vs दक्षिण अफ्रीका

Source : Agency

पाठको की राय