Wednesday, October 21st, 2026

पंजाब चुनाव से पहले हिंदूवादी नेताओं पर हो सकते हैं हमले

नई दिल्ली
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हिंदूवादी नेताओं पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई हमले की योजना बना रही है। देश की खुफियां एजेंसियों ने इनपुट के आधार पर पंजाब में बीजेपी और हिंदू समर्थक नेताओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए पंजाब पुलिस को सतर्क किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले पाकिस्तानी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) आरएसएस की शाखा और हिंदू राजनेताओं को निशाना बनाने के लिए एक टिफिन बॉक्स में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) लगाने की योजना बना रहा है। हमले के संबंध में इनपुट मिलने के तुरंत बाद अलर्ट जारी कर दिया गया था।

पिछले हफ्ते मिलिट्री क्षेत्र में हुआ ग्रेनेड अटैक
बता दें कि 21 नवंबर को कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने पठानकोट में मिलिट्री क्षेत्र में ग्रेनेड फेंका था। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली थी। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, 15 अगस्त से अब तक भारतीय सीमा में ड्रोन के घुसने की 25 से ज्यादा घटनाएं हो चुकी हैं। लगभग 11 टिफिन जिनमें ड्रग्स और विस्फोटक थे, बरामद किए गए हैं।

खुफिया एजेंसी ने पंजाब पुलिस को दी नेताओं की सूची
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने पंजाब पुलिस के साथ आतंकवादियों के निशाने पर नेताओं की एक सूची साझा की है और खतरे को देखते हुए उन्हें सुरक्षा प्रदान करने का अनुरोध किया है। पठानकोट में हुए ग्रेनेड अटैक के बाद पंजाब पुलिस एक्शन में आ गई थी और सभी सीमाई जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया था और गश्त भी बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे।

 

 

#Hinduist leaders

Source : Agency

पाठको की राय