Friday, October 23rd, 2026

सरकार ने बढ़ाई खरीदी अवधि, इंदौर-उज्जैन में 15 मई और बाकी संभागों में 25 मई तक होगी गेहूं खरीदी

भोपाल
प्रदेश में कोरोना वायरस के चलते किसानों से खरीदी केंद्रों पर की जाने वाली गेहूं की खरीदी के मामले में सरकार ने और अधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों को भेजे जाने वाले एसएमएस की संख्या कम करते हुए खरीदी अवधि बढ़ा दी है। इंदौर और उज्जैन में अब 15 मई और बाकी संभागों भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर, रीवा, शहडोल, सागर, ग्वालियर और चंबल में 25 मई तक गेहूं की खरीदी की जा सकेगी।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने सभी कलेक्टरों को दिए निर्देश में कहा है कि अब खरीदी केंद्रों पर आने वाले किसानों को जो एसएमएस भेजे जाएंगे उसकी नई व्यवस्था तय की गई है। इसके लिए अलग-अलग जिलों में खरीदी केंद्रों से 12, 14 और 16 एसएमएस एक दिन में भेजने के लिए कहा गया है।

जिन जिलों में खरीदी केंद्रों पर आने के लिए एक दिन में 12 किसानों को मौका दिया जा सकेगा, उनमें बुरहानपुर, अलीराजपुर, बड़वानी, डिंडोरी, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, निवाडी और बालाघाट जिले शामिल हैं। इसके अलावा जिन जिलों में खरीदी केंद्रों में आने के लिए 14 किसानों को एसएमएस मिलेंगे उनमें खरगोन, झाबुआ, नीमच, दतिया, भिंड, मंडला और बैतूल जिले शामिल हैं।

जिन जिलों में एक खरीदी केंद्र में दिन भर में 16 किसान एसएमएस पाकर गेहूं बेचने के लिए आ सकेंगे, उनमें खंडवा, धार, इंदौर, रतलाम, शाजापुर, देवास, उज्जैन, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा जिले शामिल हैं। इसके साथ ही कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, हरदा, होशंगाबाद, विदिशा, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, भोपाल, सतना, छतरपुर, सागर, दमोह, अशोकनगर, आगर मालवा, टीकमगढ़, मंदसौर, पन्ना, रीवा और मुरैना में भी 16 किसानों को बुलाया जा सकेगा।

 

#सरकार#इंदौर-उज्जैन

Source : Agency

पाठको की राय