Thursday, October 22nd, 2026

ललितपुर से लड़की का अपहरण कर भोपाल में सामूहिक बलात्कार, एसएचओ ने भी की दरिंदगी, केस दर्ज

ललितपुर

उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में नाबालिग लड़की के अपहरण और बलात्कार के एक मामले में थानाध्यक्ष (एसएचओ) समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में चाइल्ड लाइन की काउंसलिंग के दौरान नाबालिग ने अपनी आपबीती बताई थी, जिसे चार लोगों ने ललितपुर से अगवा कर लिया था। फिर भोपाल ले जाकर सामूहिक बलात्कार किया था। वहीं, थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची नाबालिग से पाली थाने के एसएचओ ने भी उसके साथ बलात्कार किया था। घटना के बाद से एसएचओ फरार है और उसे निलंबित कर दिया गया है।

नाबालिग की मां की शिकायत के मुताबिक, चंदन, राजभान, हरिशंकर और महेंद्र चौरसिया नाम के आरोपियों ने 22 अप्रैल को उसकी बेटी का अपहरण किया था। वह (आरोपी) उसे भोपाल ले गए, जहां चारों आरोपियों ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इसके बाद वह नाबालिग को 26 अप्रैल के दिन पाली थाने के सामने छोड़कर चले गए थे।

इसके बाद, पुलिस इंस्पेक्टर ने नाबालिग को उसकी मौसी को सौंप दिया, जिसने बच्ची के माता-पिता को बताए बिना अपने घर पर रखा था। इस घटना के संबंध में पीड़िता को अगले दिन अपना बयान दर्ज कराने के लिए पाली थाने बुलाया गया और पूरे दिन वहीं रखा गया। इस दौरान शाम को नाबालिग की मौसी उसे एसएचओ पाली के सरकारी आवास पर ले गई, जहां पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया गया।


इस वारदात के बाद नाबालिग अपनी मौसी के साथ अपने घर लौट आई। हैरानी भरी बात यह रही कि पीड़िता की मौसी ने इस दौरान उसके माता-पिता को सूचना देना भी जरूरी नहीं समझा। फिर कुछ दिन बाद 30 अप्रैल को नाबालिग फिर थाने गई, जहां से उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया। चाइल्ड लाइन में काउंसलिंग के दौरान, लड़की ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया, जिसके बाद नाबालिग के अभिभावकों से संपर्क किया गया।

 

#सामूहिक बलात्कार

Source : Agency

पाठको की राय