Saturday, October 24th, 2026

गडकरी ने कहा- सिर्फ अमीर ही नहीं हर किसी की सेफ़्टी है जरूरी, छोटी और सस्ती कारों में भी मिलें 6 एयरबैग 

नई दिल्ली
सरकार देश में वाहनों में दिए जाने वाले सेफ़्टी फीचर्स को लेकर काफी सतर्क होती नज़र आ रही है। सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम करने के साथ ही हादसों में मौत के आंकड़ों पर अंकुश लगाने में सेफ़्टी फीचर्स अहम भूमिका निभाते हैं। इसी मामले में आज केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि छोटी कारों में भी बेहतर सेफ़्टी फीचर्स देने जरूरी हैं। गडकरी ने दिए अपने बयान में कहा कि, छोटी कारें, जो ज्यादातर निम्न मध्यम वर्ग के लोगों द्वारा खरीदी जाती हैं, उनमें भी पर्याप्त संख्या में एयरबैग होने चाहिए। मैं हैरान हूं कि, वाहन निर्माता कंपनियां केवल अमीर लोगों द्वारा खरीदी जाने वाली बड़ी और महंगी कारों में ही 8 एयरबैग क्यों देते हैं। पीटीआई को दिए एक साक्षात्कार में, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि छोटी और सस्ती कारों में भी अधिक एयरबैग्स देना जरूरी है, इससे दुर्घटनाओं में संभावित मौतों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

बता दें कि, गडकरी ने ये बयान उस वक्त दिया है जब इंडस्ट्री इस बात को लेकर चिंता जाहिर कर रही है कि उंचे टैक्स, उत्सर्जन मानक और सख्त सेफ़्टी नॉर्म्स के चलते वाहनों की कीमत बढ़ गई है। गडकरी ने कहा कि, "ज्यादातर, निम्न मध्यम वर्ग के लोग छोटी और सस्ती कारें खरीदते हैं और अगर उनकी कार में एयरबैग नहीं होंगे और जब दुर्घटनाएं होती हैं, तो इसका परिणाम मृत्यु हो सकता है। इसलिए, मैं सभी कार निर्माताओं से कारों के सभी वेरिएंट में कम से कम 6 एयरबैग प्रदान करने की अपील करता हूं।"

 

#गडकरी

Source : Agency

पाठको की राय