Sunday, October 25th, 2026

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान - 81 प्रतिशत से अधिक लोगों ने किया सामूहिक दवा सेवन

रायपुर
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लिंफेटिक फाइलेरिया उन्मूलन एवं कृमि मुक्ति हेतु स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामूहिक दवा सेवन अभियान 19 जुलाई से 24 जुलाई तक चलाया गया। अभियान अंतर्गत रायपुर जिले के 24 लाख 16 हजार 826 व्यक्तियों को दवा खाने योग्य चिन्हाकित किया गया है, जिसमें से 19 लाख 66 हजार 597 व्यक्तियों को 24 जुलाई तक दवा खिलाई जा चुकी है, जो कि लक्ष्य के 81 प्रतिशत से अधिक है।

जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि 24 जुलाई तक अभनपुर विकासखंड के अंतर्गत चिन्हांकित 2,70,764 व्यक्तियों में से 2,49,700 व्यक्तियों को दवा खिलाई गई। इसी प्रकार आरंग विकासखंड के अंतर्गत चिन्हांकित 3,51,739 में से 3,30,555 व्यक्तियों, तिल्दा विकासखंड अंतर्गत चिन्हांकित 2,66,366 व्यक्तियों में से 2,61,517 व्यक्तियों को तथा धरसीवां विकासखंड अंतर्गत चिन्हांकित 2,24,436 व्यक्तियों में से 1,69,587 व्यक्तियों को दवा खिलाई गई। इसी तरह रायपुर नगरीय क्षेत्र के चिन्हांकित 12,00,567 व्यक्तियों में से 8,49,986 व्यक्तियों को तथा बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत 1,02,985 चिन्हांकित व्यक्तियों में से कुछ अन्य व्यक्तियों सहित अधिक 1,05,253 व्यक्तियों को दवा खिलाई गई।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विमल किशोर राय ने एम.डी.ए प्रोग्राम एवं लिम्फेटिक फाईलेरिसिस के बारे में बताया कि यह एक परजीवी के द्वारा होने वाला रोग है। समुदाय में दवा खाने योग्य प्रत्येक व्यक्ति यदि डी.ई.सी. अल्बेन्डाजॉल की एकल खुराक एम.डी.ए. में खा लेता है, तो उसके रक्त में उपस्थित माईक्रोफाईलेरिया नष्ट हो जाते है। इससे आगे संक्रमण नहीं होगा साथ लगातार 5-6 वर्षों तक एम.डी.ए. के दौरान एकल खुराक खाने के बाद आने वाली पीढी को फाईलेरिया से मुक्त कर सकते हैं।

 

#फाइलेरिया

Source : Agency

पाठको की राय