Thursday, October 22nd, 2026

कलेक्टर ने जनचौपाल में सुनी लोगों की समस्याएं

अम्बिकापुर

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने मंगलवार को जनचौपाल में लोगों की समस्याएं सुनी व त्वरित निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के ग्राम जाबर निवासी श्रीमती सविता सिंह ने प्रोत्साहन राशि दिलाने की मांग करते हुए बताया कि विगत अगस्त माह में जिला अस्पताल अम्बिकापुर में उनका प्रसव हुआ है। शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब तक अप्राप्त है। कई बार आवेदन देने के बाद भी राशि नहीं मिली है।

अम्बिकापुर के श्रीगढ़ निवासी श्री विद्यासागर गुप्ता ने अपनी जमीन को अनावेदक द्वारा अतिक्रमण करने की समस्या से निजात दिलाने की मांग करते हुए बताया कि सीमांकन व खसरा अपडेट नहीं होने के कारण समस्या आ रही है। इसी प्रकार नाजारत शाखा में भृत्य के पद पर पदस्थ श्री दुर्गा प्रसाद ने एरियर्स व क्रमोन्नति का लाभ दिलाने का निवेदन किया ।

कलेक्टर ने सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर जन चौपाल में लोगों की समस्याओं का शीघ्रता से निराकरण होने से लोगों को राहत मिल रही है।

 

Source : Agency

पाठको की राय