Sunday, October 25th, 2026

शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले का 16 को तेलीबांधा और नगरघड़ी चौक पर होगा भव्य स्वागत

रायपुर
शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले के छत्तीसगढ़ आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ कर दी गई हैं। शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले 16 जुलाई को सुबह 8.40 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगी। जहां से यह ओलंपियाड मशाल रायपुर शहर का भ्रमण करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय आॅडिटोरियम स्थल पहुंचेगी। इस दौरान टॉर्च रिले का तेलीबांधा चौक व नगर घड़ी चौक पर भव्य स्वागत होगा। टॉर्च रिले शहर के भ्रमण के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय आॅडिटोरियम पहुंचेगी, जहां अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गौरतलब है कि शंतरंज ओलंपियाड के 95 साल के इतिहास में भारत को पहली बार 44वें शतरंज ओलंपियाड की मेजबानी मिली है। यह भारत में आयोजित होने वाला अब तक का सबसे बड़ा खेल आयोजन होगा। इस शतरंज ओलंपियाड में 188 देश शामिल होने की संभावना है। आजादी के 75 वें अमृत महोत्सव के अंतर्गत देश के 75 शहरों में 19 जून से 28 जुलाई तक शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले आयोजित की जा रही है। यह टॉर्च रिले नई दिल्ली से प्रारंभ होकर विभिन्न राज्यों का भ्रमण करते हुए 16 जुलाई को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुुर पहुंचेगी। रायपुर से शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले चेन्नई पहुंचेगी।

शतरंज ओलंपियाड टॉर्च रिले के छत्तीसगढ़ आगमन पर तैयारियों के सिलसिले में हाल ही में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। शतरंज ओलंपियाड टार्च रिले के रायपुर भ्रमण के दौरान सुचारू यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेटिंग, स्वागत स्थल तथा मुख्य आयोजन स्थल पर की जाने वाली तैयारियों की जिम्मेदारी विभिन्न विभागों को सौंपी गई। इस आयोजन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश चेस एसोसिएशन की सक्रिय भागीदारी होगी।

 

#Chess Olympiad

Source : Agency

पाठको की राय