आयकर विभाग की नई वेबसाइट की दिक्कतों पर मंथन आज
नई दिल्ली
आयकर विभाग की नई बनी वेबसाइट की तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए वित्तमंत्रालय के अधिकारियों और इंफोसिस की टीम के साथ मंगलवार को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में देश भर से सरकार को भेजी गई वेबसाइट से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर मंथन किया जाएगा। हालात बदलते न देख वित्तमंत्रालय ने देश भर से लोगों से दिक्कतों से जुड़ी जानकारी मांगी। इसके बाद सभी दिक्कतों को इकट्ठा कर 22 जून को उन पर इंफोसिस के साथ सवाल जवाब किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक सरकार को भेजी गई दिक्कतों में पासवर्ड रीसेट, नया पैनकार्ड डाउनलोड करना, फॉर्म 26 एएस देखना, पुराने इनकम टैक्स रिटर्न देखना, रिफंड से जुड़ी अर्जी लगाना, पुरानी डिमांड की जानकारी और इनकम टैक्स रिटर्न रिटर्न में संशोधन से जुड़े विकल्प का इस्तेमाल करने जैसी मुश्किलें प्रमुख हैं।
इसके अलावा लोगों के आंकड़ों में भी गड़बड़ी देखी जा रही है। तमाम लोगों ने वित्तमंत्रालय से शिकायत की है कि वो अपने प्रोफाइल से जुड़ी जो भी जानकाारी वेबसाइट पर देते हैं उनका सिस्टम में मौजूद जानकारियों से मेल नहीं हो पा रहा है। 7 जून को देर रात लॉन्च होने के बाद से लगातार इस वेबसाइट पर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खुद वित्तमंत्री ने ट्वीटकर इंफोसिस के नंदन निलेकणी से दिक्कतों को दूर करने को कहा था।

पाठको की राय