Saturday, October 24th, 2026

बोकारो : मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्ते होने से रेल यातायात प्रभावित, जांच शुरू

बोकारो
दक्षिण पूर्व रेलवे के बोकारो-गोमो रेल मार्ग पर तुपकाडीह और राजा बड़ा रेलखंड में एक मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट कर पलट गई। इससे रेल यातायात प्रभावित है। इस हादसे के कारण रेलवे के ओवरहेड बिजली तार और रेल पटरी को भारी नुकसान हुआ है। हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। मालगाड़ी तुपकाडीह रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी बीच, पोल संख्या 412/30 के पास पहुंचते ही मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई और दो बोगियां बेपटरी होकर पलट गईं। हादसे की वजह से इस मार्ग से गुजरने वाली लगभग एक दर्जन यात्री गाड़ियों के परिचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कई ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया है, जबकि कुछ को पुनः निर्धारित किया गया है।

ट्रेनों के परिचालन प्रभावित होने के कारण वाराणसी रांची वंदे भारत एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, हटिया-पटना एक्सप्रेस, रांची-धनबाद इंटरसिटी, रांची-दुमका एक्सप्रेस, रांची-गोड्डा इंटरसिटी एक्सप्रेस,टाटा अमृतसर एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, रांची कामाख्या एक्सप्रेस, गोड्डा-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस, आनंद विहार रांची संपर्क क्रांति एक्सप्रेस भी रोकी गईं है।

रेलवे ट्रैक को दुरुस्त करने के काम में रेल कर्मी जुटे हुए हैं। रेलवे ट्रैक से मालगाड़ी के मलबे को हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। बोकारो के एरिया रेल मैनेजर विनीत कुमार ने कहा कि इस दुर्घटना की वजह से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। रेल मार्ग पर यातायात बहाल करना हमारी प्राथमिकता है। हमें उम्मीद है कि बहुत जल्द बंद पड़े इस रेल मार्ग से रेलवे परिचालन को फिर से शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि घटना की वजह जानने के लिए जांच कमेटी गठित कर दी गई है। यह कमेटी घटना के कारणों की जांच करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक सुझाव देगी। गौरतलब है क‍ि झारखंड के बोकारो में तुपकाडीह रेलवे स्टेशन के पास बुधवार की देर रात एक मालगाड़ी डीरेल हो गई थी। इस हादसे के बाद बोकारो गोमो रूट पर अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप पड़ गई। रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को फिलहाल दूसरे स्टेशनों पर रोक दिया गया है।

 

 

#Bokaro: Rail traffic affected due to goods train accident

Source : Agency

पाठको की राय