Wednesday, October 21st, 2026

एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया ने घोषित की प्लेइंग XI

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम के कप्तान पैट कमिंस ने एडिलेड में होने वाले एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम की प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। यह मैच 16 दिसंबर से होना है, जो कि पिंक बॉल से खेला जाएगा। कमिंस ने बताया है कि उनकी टीम एडिलेड में एक बदलाव के साथ उतरेगी, जिसमें तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की जगह झाय रिचर्डसन को मौका दिया गया है। हेजलवुड ब्रिसबेन में खेले गए पहले मैच के दौरान पीठ की समस्या से परेशान थे, जिसके बाद उन्हें अपने घर सिडनी भेज दिया गया था।

हेजलवुड ने ब्रिसबेन में झटके थे तीन विकेट
हेजलवुड ने ब्रिसबेन टेस्ट की दोनों पारियों में मिलाकर तीन विकेट झटके थे। उन्होंने पहली पारी में डेविड मलान और इंग्लिश कप्तान जो रूट को अपना शिकार बनाया था। इस दौरान रूट बिना खाता खोले पवेलियन लौटे थे, जिसकी वजह से पूरी टीम मात्र 147 रनों पर ऑलआउट हो गई थी। हेजलवुड ने दूसरी पारी में इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर को अपना शिकार बनाया था। बटलर यहां 23 रन बनाकर एलेक्स कैरी को कैच थमा बैठे थे। कंगारू टीम ने यह मैच नौ विकेट से अपने नाम किया था।

एशेज में 2-0 की बढ़त लेने का मौका
इंग्लैंड के खिलाफ पहला मैच एकतरफा अंदाज में जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने का सुनहरा मौका है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया का पिंक बॉल टेस्ट में रिकॉर्ड काफी बेहतरीन है। अगर कंगारू टीम फिर से पिंक बॉल से कमाल दिखाती है तो फिर इंग्लैंड का इस सीरीज में वापसी करना काफी मुश्किल हो जाएगा।

दूसरे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन: मार्कस हैरिस, डेविड वॉर्नर, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, झाय रिचर्डसन।  

 

 

#Australia announced

Source : Agency

पाठको की राय