Thursday, October 22nd, 2026

Air Canada की फ्लाइट में उड़ान भरते ही लगी आग, 402 यात्री थे सवार

टोरंटो

टोरंटो हवाई अड्डे से पेरिस के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर कनाडा के एक विमान में आग लग गई. इस दौरान विमान में 389 यात्रियों के अलावा चालक दल के 13 सदस्य शामिल थे. आग लगने की यह यह घटना कैमरे में कैद हो गई. दरअसल 5 जून को टोरंटो से बोइंग 777 जेट ने उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के चंद मिनटों के भीतर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने दाहिने इंजन से चिंगारी निकलती दिखी.

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दिख रहा है कि विमान में चिंगारी निकल रही है.

एयर कनाडा का बयान


इसे लेकर एयर कनाडा ने एक बयान में कहा, "घटना का इंटरनेट पर पोस्ट किया गया वीडियो दिखाता है कि कंप्रेसर स्टॉल के प्वाइंट पर इंजन है, ऐसा तब हो सकता है जब टर्बाइन इंजन के साथ उसका वायुगतिकी प्रभावित होती है. यह विभिन्न कारकों की वजह से हो सकता है लेकिन इसका परिणाम यह होता है कि इंजन के माध्यम से हवा का प्रवाह बाधित होता है जिससे इंजन के नीचे ईंधन प्रज्वलित हो जाता है. यही कारण है कि वीडियो में लपटें दिखाई दे रही हैं. यह इंजन में लगी आग नहीं है."

तुरंत वापस उतारा गया विमान

खराबी के बारे में तुरंत फ्लाइट क्रू को सूचित किया गया, जिन्होंने स्थिति को संभाला और विमान को वापस एयरपोर्ट पर उतारा. एयरलाइन ने कहा, "विमान के उतरने के बाद, सामान्य परिचालन प्रक्रियाओं के अनुसार एयरपोर्ट रिस्पॉन्स वाहनों द्वारा इसका निरीक्षण किया गया."


बाद में यात्रियों को उसी रात दूसरी फ्लाइट से भेजा गया. द स्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, जिस बोइंग जेट में खराबी आई थी, उसे सेवा से हटा दिया गया और उसके रखरखाव कर्मचारियों और इंजीनियरों द्वारा उसका निरीक्षण किया जा रहा है.

पहले भी सामने आ चुकी हैं इस तरह की घटनाएं

यह बोइंग 777 जेट विमानों से जुड़ी हाल की उड़ान घटनाओं में नवीनतम घटना है, जिसने इन विमानों की सुरक्षा और विश्वसनीयता के बारे में चिंताएं बढ़ा दी हैं. इसी सालष 7 मार्च को, सैन फ्रांसिस्को से उड़ान भरने के दौरान टायर गिरने के बाद यूनाइटेड एयरलाइंस बोइंग 777-200 को लॉस एंजिल्स में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी. इस घटना का वीडियो भी सामने आया था और ढीले टायर ने कार पार्क में वाहनों को नुकसान पहुंचाया था.

13 मार्च को, एक यूनाइटेड एयरलाइंस बोइंग 777-300 को उड़ान भरने के बाद ईंधन रिसाव की सूचना के कारण ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में वापस लौटने और लैंडिग करने के लिए मजबूर होना पड़ा. विमान सैन फ्रांसिस्को जा रहा था.

 

#Air Canada

Source : Agency

पाठको की राय