Friday, October 23rd, 2026

असम में ट्यूशन सेंटर से घर लौट रही 14 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप, सीएम सरमा ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

गुवाहाटी
असम के नागांव जिले के ढिंग इलाके में ट्यूशन सेंटर से घर लौट रही 14 वर्षीय लड़की के साथ गैंगरेप किया गया। पुलिस के अनुसार, गुरुवार की रात ट्यूशन से साइक‍िल से लौट रही लड़की पर तीन लोगों ने हमला किया और उसके साथ गैंगरेप किया। राहगीरों ने इलाके में एक तालाब के पास लड़की को बेहोशी की हालत में देखा और उसे पास के अस्पताल में ले गए।

पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े होने के संदेह में दो लोगों को गिरफ्तार किया। इस बीच, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक को त्वरित जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश भी दिया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "धींग में एक नाबालिग के साथ हुई भयावह घटना मानवता के खिलाफ अपराध है और इसने हमारी सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर दिया है। हम किसी को नहीं बख्शेंगे और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाएंगे। मैंने डीजीपी को घटनास्थल पर जाकर आरोप‍ियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।"

असम के डीजीपी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द कर घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने कहा है कि जांच चल रही है। इस बीच, घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने विरोध स्वरूप धींग इलाके में दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान दिन भर बंद रखे। ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन ने घटना के लिए सरकार की आलोचना की है और 12 घंटों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

 

#14-year-old girl gang-raped in Assam

Source : Agency

पाठको की राय