Friday, October 23rd, 2026

सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ हो रहा भेदभाव

(अमिताभ पाण्डेय)
 भोपाल । (अपनी खबर)

सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को रोजगार मूलक कार्यों का प्रशिक्षण मिले। युवा रोजगार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बने ।
इसके लिए भाजपा विधायक कुंवर जी कोठार ने मध्यप्रदेश विधानसभा में आज एक प्रश्न के माध्यम से आवाज उठाई।
 श्री कोठार ने सारंगपुर में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई खोले जाने का आग्रह राज्य शासन से किया ।उन्होंने अपने प्रश्न में यह भी उल्लेख किया कि सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव किया जा रहा है ।श्री कोठार ने सवाल किया कि क्या सारंगपुर विधानसभा अनुसूचित जाति वर्ग की होने के कारण यहां के लोगों को किसी प्रकार संस्था से अध्ययन कर अपने उद्योग धंधे स्थापित करने का अधिकार नहीं है ?  यदि ऐसा नहीं है तो फिर सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है? राज्य विधानसभा में आज श्री कोठार के इस प्रश्न का लिखित जवाब तकनीकी शिक्षा , कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने दिया।

 मंत्री के अनुसार राजगढ़ जिले के सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर जिले की सभी विकासखंड क्षेत्र में औद्योगिक संस्था आईटीआई संचालित हो रही है।
 राज्य शासन के आदेश अनुसार प्रदेश के सभी विकासखंड मुख्यालय में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई खोले जाने के निर्देश हैं । श्रीमती सिंधिया ने बताया कि अभी मध्य प्रदेश में 100  विकासखंड ऐसे हैं जहां शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई नहीं है । उन्होंने बताया कि एक साथ सभी विकास खंड में आईटीआई खोलना संभव नहीं है । उन्होंने अपने जवाब में भाजपा विधायक श्री कोठार द्वारा कही गई भेदभाव की बात से इनकार किया। उल्लेखनीय है कि सारंगपुर में आईटीआई खोलने के लिए भाजपा विधायक कुंवर जी कोठार राज्य शासन में उच्च स्तर पर लगातार पत्र लिख रहे हैं ।

इस संबंध में पहले भी विधानसभा में सवाल उठाए गए हैं । श्री कोठार ने एक अन्य प्रश्न के माध्यम से सारंगपुर विधानसभा क्षेत्र में पंचायतों को स्वच्छता और पेयजल के लिए आवंटित राशि की जानकारी भी मांगी है । पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने वर्ष 2019~20 से मार्च 2022 तक सारंगपुर क्षेत्र की पंचायतों के नाम और उनको आवंटित की गई राशि की सूची विधायक श्री कोठार को उपलब्ध करवा दी है। भाजपा विधायक कुंवर जी कोठार द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर मेंपंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि जनपद पंचायत सारंगपुर के अंतर्गत वर्ष 2018 से मार्च 2022 तक सरपंच सचिव रोजगार सहायक के विरुद्ध कुल 18 शिकायतें मिली हैं ।
इन शिकायतों पर नियम अनुसार जो कार्यवाही की गई उससे भी श्री कोठार को अवगत करा दिया गया है।

 

Source : Agency

पाठको की राय