Saturday, October 24th, 2026

सफल रहा SpaceX Inspiration-4 मिशन, अंतरिक्ष की सैर कर धरती पर लौटे आम नागरिक 

 नई दिल्ली 
स्पेसएक्स का इंस्पिरेशन-4 मिशन अब आधिकारिक तौर पर सफल हो गया है। पृथ्वी के तीन दिन तक चक्कर लगाने के लिए चार लोगों के साथ गई 'स्पेसएक्स' की पहली निजी उड़ान धरती पर लौट आई है। इसी गुरुवार को निजी अंतरिक्ष यात्रा पर गए चार शौकिया अंतरिक्ष यात्री तीन दिनों तक ग्रह की परिक्रमा करने के बाद शनिवार की रात (भारतीय समयानुसार रविवार सुबह) सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस आ गए। ऐसा पहली बार है जब अंतरिक्ष यान में मौजूद कोई भी व्यक्ति पेशेवर अंतरिक्ष यात्री नहीं था।

स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल अंतरिक्ष यान 'रेसिलिएंस' संयुक्त राज्य अमेरिका में फ्लोरिडा के तट पर अटलांटिक महासागर में लगभग 7:07 बजे ईडीटी (भारतीय समयानुसार करीब 4:37 बजे) पर लैंड किया। स्पेसएक्स ने सफल टेक ऑफ के बाद सफल लैंडिंग कराकर एक इतिहास रच दिया है। इस मिशन ने मानव अंतरिक्ष यान के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है और शायद इसने स्पेस टूरिज्म का दरवाजा खोल दिया है। 
 
स्पेसएक्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से अंतरिक्ष यान की लैंडिंग की एक क्लिप पोस्ट की और जिसके कैप्शन में लिखा है- पृथ्वी पर आपका स्वागत है है इंस्पिरेशन-4। स्पेसएक्स मिशन कंट्रोलर ने समुद्र में यान की लैंडिंग के बाद कहा कि स्पेसएक्स की ओर से पृथ्वी ग्रह पर आपका स्वागत है। आपके मिशन ने दुनिया को दिखाया है कि अंतरिक्ष हम सभी के लिए है। वहीं, इस अंतरिक्ष यात्रा को स्पॉन्सर करने वाले 38 वर्षीय अरबपति जारेड इसाकमैन ने जवाब में कहा कि बहुत बहुत धन्यवाद, स्पेसएक्स। 

 

#सफल रहा SpaceX Inspiration-4 मिशन

Source : Agency

पाठको की राय