'शशि थरूर को पार्टी से निकाल देना चाहिए...', तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख के बयान पर विवाद, मांगनी पड़ी माफी
नई दिल्ली
तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख रेवंथ रेड्डी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद शशि थरूर के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है। जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रेवंथ रेड्डी से नाराजगी जताई है। आलोचनाओं के बाद गुरुवार (16 सितंबर) को रेवंथ रेड्डी ने शशि थरूर से माफी मांग ली है। तेलंगाना कांग्रेस प्रमुख की शशि थरूर पर असंसदीय टिप्पणी ने पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को नाराज कर दिया है। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक रेवंथ रेड्डी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और मौजूदा सांसद शशि थरूर को ''गधा'' कहा है और कहा है कि उन्हें पार्टी से निकाल देना चाहिए।
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और राजीव अरोड़ा ने गुरुवार को रेवंथ रेड्डी की टिप्पणी के बारे में अपनी आपत्तियों को ट्वीट पर जाहिर किया। एक मीडिया रिपोर्ट को टैग करते हुए मनीष तिवारी ने ट्वीट किया और रेवंथ रेड्डी से अपनी टिप्पणी वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने जताई नाराजगी
मनीष तिवारी ने ट्वीट में लिखा, ''डियर रेवंथ रेड्डी, शशि थरूर आपके और मेरे एक मूल्यवान सहयोगी हैं। बेहतर होता कि आप उनसे बात करते अगर आपको उनके कथित बयान के बारे में कुछ संदेह होता। आपने जो कहा है कि वह अनुचित है। आपसे मांग है कि आप अपने शब्दों को वापस ले लें।''
वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव अरोड़ा ने भी रेवंथ रेड्डी के टिप्पणी की निंदा की। राजीव अरोड़ा ने ट्वीट किया, "मैं रेवंथ रेड्डी द्वारा एआईपीसी अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस सांसद शशि थरूर के लिए अपमानजनक टिप्पणी की निंदा करता हूं। उन्हें अपनी टिप्पणी वापस लेते हुए एक बयान जारी करना चाहिए।"

पाठको की राय