शराब के नशे में धुत थाने में घुसे पियक्कड़, गाली-गलौच के बाद पुलिसकर्मियों से की मारपीट
सुपौल
शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करों और पियक्कड़ों का हौसला इस कदर बढ़ गया है कि अब उनमें पुलिस या कानून का कोई खौफ ही नहीं है। पहले छापामारी करने गई पुलिस पर हमला होता था। अब तो पियक्कड़ थाना परिसर में घुस कर पुलिस के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे हैं। ताजा मामला सुपौल जिले के करजाईन थाना से जुड़ा हुआ है।
बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात रतनपुरा थाना क्षेत्र के ढाढा वार्ड 5 निवासी रूपक सिंह और सहरसा जिले के पंचगछिया वार्ड 13 निवासी राजू कुमार सिंह करजाईन थाना में घुस गए। नशे में धुत दोनों गाली-गलौज करने लगे। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने जब उन्हें शांत करने का प्रयास किया तो दोनों उनसे हाथापाई और मारपीट करने लगे। अन्य जवानों ने जब दोनों को पकड़ने की कोशिश की तो उन्होंने उनके साथ भी मारपीट की। इसमें सिपाही संजीत कुमार और चौकीदार सदानंद पासवान को चोट भी लग गई। बाद में जैसे-तैसे पुलिस ने दोनों युवकों को काबू में किया। ब्रेथ एनलाइजर से जांच करने पर दोनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है।

पाठको की राय