यूपीटीईटी पेपर लीक करने वाले गिरोह का एक और शातिर गिरफ्तार
कौशाम्बी
एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) का पेपर आउट कराने वाले गिरोह के एक और शातिर संतोष चौरसिया को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी मध्य प्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं घोटाले में भी जेल जा चुका है। जेल में बंद होने के दौरान वह पेपरआउट कराने वाले एक शातिर के संपर्क में आया था। 20 लाख में डील तय होने के बाद इस शातिर ने रोशन सिंह पटेल को पांच लाख रुपये में पेपर मुहैया कराया था।
28 नवंबर को यूपीटीईटी से पहले पेपर आउट हो गया था। इसके बाद परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। इस मामले में एसटीएफ ने कई जनपदों में एफआईआर दर्ज कराते हुए कई लोगों को गिरफ्तार किया था। लखनऊ एसटीएफ ने कोखराज के रोही बाईपास से सीएचसी कड़ा में लैब टेक्नीशियन (एलटी) के पद पर तैनात रोशन सिंह पटेल को भी गिरफ्तार किया था। एलटी के मोबाइल में पेपर मिला था। इसके अलावा उसके पास से नकद रुपया भी बरामद हुआ था। एलटी को संतोष कुमार चौरसिया पुत्र शिवचरन लाल निवासी पुरा नहरौली, बाह, आगरा ने पेपर दिया था। पुलिस ने रोशन सिंह पटेल को जेल भेजकर एक हफ्ते के बाद उसके साथी देव प्रकाश पांडेय को गिरफ्तार किया। संतोष चौरसिया की तलाश हो रही थी। संतोष चौरसिया को एसटीएफ ने कानपुर के मवैया मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। संतोष ने बताया वह मध्यप्रदेश के व्यापमं घोटाले में जेल जा चुका है।

पाठको की राय