Wednesday, October 21st, 2026

मैनचेस्टर टेस्ट कैंसिल होने को लेकर शार्दुल ठाकुर ने तोड़ी चुप्पी

 नई दिल्ली 
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का आखिरी टेस्ट मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर 10 सितंबर से खेला जाना था। टीम इंडिया के जूनियर फीजियो योगेश परमार के कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद यह फैसला लेना पड़ा था। इसको लेकर भारतीय क्रिकेटरों की तरफ से कोई बयानबाजी नहीं की गई थी। अब टीम इंडिया के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने इसको लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री चौथे टेस्ट के दौरान कोविड-19 टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद बॉलिंग कोच भरत अरुण और फील्डिंग कोच आर श्रीधर और सीनियर फीजियो चारों ही मैनचेस्ट टेस्ट के लिए टीम इंडिया के साथ नहीं जा सके।

शार्दुल ने कहा, 'मैंने इसके बारे में किसी को बात करते सुना था और हमें ऐसा लग रहा था कि मैच होगा। जैसा कि सबको लग रहा था कि मैच होगा ऐसे में हम सबका फोकस सिर्फ मैच पर था। यह पहली बार था जब हमारे साथ हमारा मेन सपोर्ट स्टाफ नहीं था। वे हमें दिन का खेल खत्म होने के बाद बुलाते थे, मैंने भरत अरुण सर से बात की थी, उन्होंने मुझे बताया था कि किस लाइन और लेंथ से मैं गेंदबाजी कर सकता हूं। अगर उनके कुछ प्वॉइंट्स होते थे तो वह गेम के बाद हमें बताते थे।'

शार्दुल ने कहा कि सभी खिलाड़ी काफी चिंता में थे। उन्होंने कहा, 'हम इस बात को लेकर चिंतित थे कि आगे क्या होगा, कौन-कौन इनफेक्टेड होगा क्योंकि परमार ने सबका ट्रीटमेंट कर रहे थे। हमें नहीं पता था कि आगे क्या होगा क्योंकि इस इन्फेक्शन को ट्रैक करना नामुमकिन है। अगले चार-पांच दिन हमारे लिए मुश्किल थे क्योंकि हमें डर था कि मुझे या हम में से किसी को यह इन्फेक्शन ना हो जाए। हर कोई अपने परिवार और उनकी हेल्थ को लेकर चिंतित था।' भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने मिलकर इस मैच को कैंसिल करने का फैसला लिया।

 

#शार्दुल ठाकुर

Source : Agency

पाठको की राय