Tuesday, October 20th, 2026

मेहनतकश लोगों की लड़ाई लड़ने वाले थे कामरेड बालकृष्ण गुप्ता

( अमिताभ पाण्डेय )

भोपाल । ( अपनी खबर ) आजादी आंदोलन के सेनानी और वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता बालकृष्ण गुप्ता ने जीवन भर मेहनतकश लोगों के हक अधिकार की लड़ाई लड़ी।
 उन्होंने सांप्रदायिक सदभाव के अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए ।
 वे प्रभावी नेतृत्व क्षमता के धनी थे ।
 जनता के हित के लिए संघर्ष करने को हमेशा तैयार रहते थे ।
श्री गुप्ता जैसे लोगों की आज के समय अधिक जरूरत है।
 हमें उनके द्वारा किए गए जनहित के  काम से प्रेरणा लेकर सर्वहारा वर्ग के लिए कल्याणकारी काम करते रहना चाहिए।
 श्री गुप्ता की स्मृति को यादगार बनाए रखने के लिए भोपाल में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
 उक्त आशय के विचार पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा ने आज आयोजित समारोह में व्यक्त किए।
 समारोह का आयोजन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला भोपाल की ओर से किया गया।
 इसके साथ ही कामरेड बालकृष्ण गुप्ता की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष में आयोजित समारोह का शुभारंभ हुआ।
 यह समारोह वर्ष भर चलते रहेंगे। समारोह की प्रथम कड़ी में आज " बालकृष्ण गुप्ता का समय और हम " विषय पर अतिथि वक्ताओं ने अपने विचार प्रकट किए।
 इस अवसर पर कामरेड गुप्ता के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे वरिष्ठ पत्रकार लज्जा शंकर हरदेनिया ने कहा कि श्री गुप्ता भोपाल में सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक थे ।
वह हमेशा कमजोर वर्गों, मजदूरों, समाज के पिछड़े लोगों के लिए काम करते रहे ।
कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उन्हें महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी देने का इरादा किया लेकिन कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के चलते श्री गुप्ता ने अच्छे-अच्छे प्रस्ताव नहीं माने।
 श्री हरदेनिया ने कहा कि आज के समय जब जनप्रतिनिधि पद और पैसे के लालच में दल बदल कर लेते हैं तो श्री गुप्ता की प्रतिबद्धता बहुत याद आती है। इस मौके पर राज्य सचिव मंडल के सदस्य सत्येंद्र पाण्डेय ने कहा कि आज के समय इतिहास से छेड़छाड़ कर धर्म और जाति के नाम पर समाज में नफरत फैलाई जा रही है।
 पुराने ऐतिहासिक प्रसंगों को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत किया जा रहा है।
 यह स्थिति बहुत चिंताजनक है। हम सबको इसके खिलाफ एकजुट होकर काम करना होगा। समारोह में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी राज्य सचिव मंडल के सदस्य शैलेंद्र कुमार शैली, नवाब उद्दीन, प्रज्ञा रावत ,मुन्ने खां ,सुभाष चौधरी, अजय रावत ,लाखन सिंह, फिदा हुसैन, एम एल सातपुते, सईद खां के साथ ही अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार प्रकट किए।
इस अवसर पर श्री गुप्ता की धर्मपत्नी और उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित थे।
 कार्यक्रम के दौरान श्री गुप्ता के सुपुत्र विक्रम ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने की घोषणा की। समारोह के बारे में कामरेड शैलेंद्र कुमार  शैली ने बताया कि कामरेड गुप्ता की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रतिमाह सेमिनार का आयोजन किया जाएगा।
 इसमें समाज की वर्तमान स्थिति पर विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि अपने अपने विचार प्रकट करेंगे।
 इसके साथ ही कामरेड गुप्ता के व्यक्तित्व पर केंद्रित एक लघु फिल्म को भी तैयार किया जाएगा।

 

Source : Agency

पाठको की राय