Tuesday, October 20th, 2026

मेरठ-गढ़ हाईवे का निर्माण शुरू, मिनटों में तय होगा 50 किमी का सफर

मेरठ
मेरठ से गढ़ फर्राटेदार सफर का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। 50 किलोमीटर का सफर अब मिनटों में तय होगा। कार्तिक पूर्णिमा पर शुक्रवार को मेरठ-गढ़ हाईवे निर्माण का शुभारंभ कर दिया गया। निर्माण एजेंसी ने दावा किया है कि करीब दो साल से कम समय में यह हाईवे बनकर तैयार हो जाएगा। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, विधायक सत्यवीर त्यागी, कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया।

करीब एक साल से मेरठ-गढ़ एनएच-709 ए के निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी। मेरठ से गढ़ का सफर फर्राटेदार हो, इसके लिए 4 लेन हाईवे का प्रस्ताव था। मेरठ और हापुड़ जिले में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई प्राथमिकता के साथ की जा रही है। शुक्रवार को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, किठौर विधायक सत्यवीर त्यागी, कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने एनएचएआई अधिकारियों, निर्माण एजेंसी के साथ किठौर में हापुड़ रोड स्थित हाईवे के मध्य बिंदू पर भूमि पूजन कर निर्माण कार्य शुरू कराया। इस हाईवे निर्माण से किठौर, शाहजहांपुर में जाम की समस्या का भी निस्तारण हो जाएगा। आबादी से होकर निकले मेरठ-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक, जाम और सड़क हादसों की समस्या से निजात दिलाने के लिए एनएच-709 के निर्माण का प्लान तैयार किया गया। यह हाईवे बस्तियों के निकट बाईपास के रूप में निकलना है। प्लान तैयार होने के बाद से ही इस हाईवे निर्माण की प्रतीक्षा की जा रही थी।

 

#मेरठ-गढ़ हाईवे का निर्माण

Source : Agency

पाठको की राय