मूसलाधार बारिश ने उत्तर प्रदेश में ढाया कहर, अलग-अलग हादसों में 30 लोगों की हुई मौत
लखनऊ
मूसलाधार बारिश ने उत्तर प्रदेश में कहर ढाना शुरू कर दी है। बीते 24 घंटे में जोरदार बारिश हुई, जिसकी वजह से जगह-जगह मकान, दीवार, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की खबरें सामने आई है। तो वहीं, कई शहरों में जल भराव हो गया है। बता दें, मूसलाधार बारिश की वजह से हुए हादसों में तीन बच्चों समेत 30 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस बात की पुष्टि राहत विभाग के अधिकारियों ने की है। बारिश की वजह से हुई मृतकों के परिजनों को सरकार की ओर से 4 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।
यूपी के राहत आयुक्त रणवीर प्रसाद ने जानकारी देते हुए बताया, प्रदेश में भारी बारिश के कारण कच्चे घरों के गिरने, दीवार, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की वजह से कुल 30 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं। सबसे ज्यादा नुकसान अवध क्षेत्र में हुआ है। अलीगंज में तेज बारिश के दौरान खंभे में करंट उतरने से एक किशोर की मौत हो गई। तो वहीं, मड़ियांव के मोहिबुल्लापुर स्टेशन के सामने मैदान के गड्ढे में भरे पानी में डूबकर दो किशोरों की मौत हो गई। ग्रामीण क्षेत्र में कुछ जगह मकान, दीवार गिरने की घटनाएं हुई हैं।
तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश की वजह से कानपुर में सात और लोगों की जान ले ली। इनमें सबसे अधिक फतेहपुर में चार, चित्रकूट, औरैया और उन्नाव में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, कन्नौज में इंदरगढ़ थाने की बैरक की दीवार ढहने से दो सिपाही घायल हो गए। प्रयागराज और प्रतापगढ़ जिलों से सात मौतों की सूचना मिली है। तो वहीं, प्रतापगढ़ के जेठवाड़ा क्षेत्र के रेरी गांव में भारी बारिश के कारण मकान गिरने से 18 वर्षीय रमजान अली की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रतापगढ़ के लौली गांव में गुरुवार की सुबह घर ढहने से 65 वर्षीय कलावती की मौत हो गई. प्रतापगढ़ के कंधई के गेहरीचक गांव में मिट्टी का मकान गिरने से 67 वर्षीय उर्मिला देवी की मौत हो गई। तो वहीं, जौनपुर के सरायखानी गांव में बुधवार की रात चार बजे एक कच्चा मकान ढह गया, जिसके मलबे में एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। इनमें बेटी सहित दंपती की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। वहीं सिकरारा थाना क्षेत्र के सकल देल्हा गांव के यादव बस्ती में दीवार गिरने सो रही उर्मिला देवी (47) की मलबे में दबने से मौत हो गई। उधर, बलिया में दीवार गिरने से एक मुहिला की मौत हो गई।
आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, प्रतापगढ़ और अयोध्या में सबसे ज्यादा 20-20 सेंटीमीटर वर्षा पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा फुरसतगंज (अमेठी) में 19, कुंडा (प्रतापगढ़), मऊ (चित्रकूट), पट्टी (प्रतापगढ़), बस्ती, लालगंज (प्रतापगढ़) तथा रायबरेली में 17-17 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सड़कें और रेल मार्ग जलमग्न होने के कारण यातायात ढप हो गया है।

पाठको की राय