मुकेश अंबानी ने जीवनभर में जितनी दौलत कमाया, उससे अधिक एलन मस्क ने एक साल के अंदर ही बनाया
नई दिल्ली
कभी कार खरीदने के भी जिसके पास पैसे नहीं थे, आज वह न केवल दुनिया का सबसे अमीर आदमी है बल्कि इस साल अब तक कमाई में भी नंबर वन है। जी हां! हम बात कर रहे हैं एलन मस्क की। ट्रिलियन-डॉलर मार्केट कैप (एक हजार अरब डॉलर) वाली कंपनियों के एलीट क्लब में शामिल होने वाली पहली कार कंपनी टेस्ला के ये सीईओ हैं।एलन मस्क ने इस साल जितना कमाया है, उतनी दौलत तो आज के टॉप-11 अरबपतियों स्टीव वॉल्मर, वॉरेन बफेट, मुकेश अंबानी की भी नहीं है।
सोमवार को एलन मस्क की दौलत एक ही दिन में 36.2 अरब डॉलर (2.71 लाख करोड़ रुपये) बढ़ गई। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के इतिहास में यह एक दिन में दौलत में सबसे बड़ा उछाल है। इसके साथ ही एलन मस्क अब 287 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे बड़े रईस हैं। अमेजन के पूर्व सीईओ जेफ बेजोस वैसे तो दूसरे नंबर पर हैं, लेकिन दोनों की संपत्ति में करीब 90 अरब डॉलर का फासला है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक मंगलवार को बेजोस की संपत्ति 196 अरब डॉलर थी।
इस साल कमाई में भी नंबर वन
एलन मस्क ने इस साल जितना कमाया है, उतनी दौलत तो आज के टॉप-11 अरबपतियों स्टीव वॉल्मर, वॉरेन बफेट, मुकेश अंबानी की भी नहीं है। मस्क की संपत्ति में इस साल अब तक 117 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। मुकेश अंबानी की संपत्ति 101 अरब डॉलर है। इस साल कमाई के मामले में अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी तीसरे नंबर पर हैं। 77.6 अरब डॉलर के नेटवर्थ वाले अडानी ने इस साल अबतक अपनी संपत्ति में 43.8 अरब डॉलर जोड़ा है।
मस्क के पास कभी कार खरीदने के भी पैसे नहीं थे। जानकारों का कहना है कि मस्क जिस तरह भविष्य की योजना बनाते हैं और जोखिमभरा निवेश करते हैं उससे वह बहुत जल्द दुनिया के पहले खरबपति बन सकते हैं। टेस्ला के अलावा एलन मस्क रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स के बड़े शेयरधारक और सीईओ हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेसएक्स की नेटवर्थ 100 अरब डॉलर के करीब है। स्पेसएक्स ने इस साल अंतरिक्ष की पहली व्यावसायिक उड़ान का परीक्षण भी किया है।

पाठको की राय