Tuesday, October 20th, 2026

मगध विश्‍वविद्यालय के VC के घर मिले पाउंड-डॉलर-यूरो और चाइनीज येन, विजिलेंस ने कस्‍टम को किया चौकन्‍ना

पटना गोरखपुर  

मगध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेद्र प्रसाद पर विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) का शिकंजा कस गया है। एसवीयू के मुताबिक गोरखपुर स्थित घर की बुधवार देर रात तलाशी में 25 लाख रुपए और मिलने के बाद कुल नगद राशि की बरामदगी 95 लाख के करीब पहुंच गई है। इससे पहले 70 लाख रुपए वहां से बरामद हुए थे। रुपए के अलावा 5 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा भी मिली है।

इस तरह अब तक उनके घर से कुल एक करोड़ रुपए मिले हैं। गोरखपुर स्थित घर की देर रात तक तलाशी लेने के बाद एसवीयू की टीम गुरुवार को पटना लौट आई। एसवीयू जब गोरखपुर स्थित वीसी के आवास की तलाशी ले रही थी तो 5 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा भी मिली थी। अधिकारियों के मुताबिक विदेशी मुद्रा में पाउंड, डॉलर, यूरो और चाइनीज येन शामिल हैं। विदेशी मुद्रा की बरामदगी को लेकर एसवीयू ने कस्टम विभाग के साथ ही पासपोर्ट ऑफिस को भी इसकी जानकारी भेज दी है। अब इस संबंध में तहकीकात अलग से हो सकती है।
चार बैंक खाते किए गए फ्रीज

एसवीयू को कुलपति डॉ. राजेन्द्र प्रसाद के चार बैंक खातों का पता चला है। सभी बैंक खातों को फ्रीज करने के लिए बैंकों को पत्र लिख दिया गया है। इसके अलावा गोरखपुर स्थित घर से मिले जमीन के कागजातों की भी छानबीन की जा रही है। जमीन के कई प्लॉट के कागजात मिले हैं। करीब एक करोड़ कीमत की जमीन की खरीदारी हाल के वर्षों में की गई है।

 

#मगध विश्‍वविद्यालय

Source : Agency

पाठको की राय