Tuesday, October 20th, 2026

भगवा कपड़े पहनकर कांवड़ियों की सेवा करना मुस्लिम नेता को पड़ा महंगा, मिली ये धमकी

 मुरादाबाद

मुरादाबाद में भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ में महानगर कार्यकारिणी के नेता अजीम कुरैशी को कांवड़ियों की सेवा करना महंगा पड़ गया। पहले तो कांवड़ियों की सेवा के लिए मुस्लिम समाज ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई। उस समय तो भाजपा नेता ने सोशल मीडिया पर इसके लिए माफी मांग ली लेकिन अब उन्हें कट्टरपंथियों की धमकियां मिल रही हैं। एक ऑडियो से उन्हें ईमान से खारिज करने और समाज से बहिष्कृत करने की धमकी दी जा रही है। सोशल मीडिया पर भी यह प्रकरण चर्चा में है।

सावन के आखिरी सोमवार के लिए कांवड़ लेकर आने वाले कांवड़ियों की भाजपा नेता अजीम कुरैशी ने रविवार को सेवा की थी। इसकी वीडियो के सोशल मीडिया पर आते ही वह अपने समाज के कुछ लोगों के निशाने पर आ गए थे। इसे देखते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर माफी मांग ली थी लेकिन मामला शांत न हुआ। अजीम को कट्टरपंथियों ने ऑडियो भेज बायकाट का ऐलान किया है। कहा कि ऐसे लोगों का मुस्लिम समाज से कोई लेना देना नहीं। कोई रिश्ता नहीं रखेगा। इस ऑ़डियो को मिलने के बाद अजीम ने गलशहीद थाने में एसचओ से बाद में एसएसपी से शिकायत की।

नगर विधायक रितेश गुप्ता से भी मुलाकात की। अजीम ने बताया कि उन्हें विधायक और पार्टी के अन्य नेताओं ने आश्वासन दिया है कि वह उनके साथ हैं। यह जानकारी नहीं हो सकी है कि धमकी देने वाले कौन लोग हैं। कहा कि किसी की सेवा करना गुनाह नहीं है। उन्होने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पूरी पार्टी उनकी मदद करेंगे।

 

#भगवा कपड़े

Source : Agency

पाठको की राय