बागपत: बैंक का कर्ज न चुका पाने पर किसान ने की खुदकुशी, फरवरी में होनी है बेटी की शादी
बागपत
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से है। यहां एक किसान ने बैंक के कर्ज से परेशान होकर मंगलवार (02 नवंबर) को आत्महत्या कर ली। किसान का शव खेत में एक पेड़ से लटकता मिला है। बताया जा रहा है कि किसान के ऊपर बैंक का करीब सात लाख और साहूकार के तीन लाख रुपए से अधिक का कर्ज था, जिसे वो चुका नहीं पा रहा था। इतना ही नहीं, फरवरी माह में किसान की बेटी की शादी भी थी, जिसकी चिंता उसे दिन-रात सता रही थी।
वहीं, किसान के परिजनों का कहना है कि कर्ज अदा करने के लिए बैंक लगातार दबाव बना रहा था। फिलहाल पुलिस ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, भाकियू ने आर्थिक सहायता की मांग की है। यह पूरा मामला बागपत जिले के बिहारीपुर गांव का है। अमर उजाला की खबर के मुताबिक, जहां लोग एक तरफ धनतेरस की खुशियां मना रहे थे तो वहीं एक परिवार में कोहराम मच गया। दरअसल, किसान अनिल कुमार (45) का शव खेत में अमरूद के पेड़ से लटका मिला।
गांव निवासी किसान नरेंद्र ने जानकारी दी है कि मृतक किसान अनिल सोमवार को अपने घर से गया था, लेकिन शाम को वापस नहीं लौटा। मंगलवार की सुबह उसने खुदकुशी कर ली। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। मृतक किसान अनिल कुमार के परिजनों ने बताया कि किसान अनिल के पास चार बीघा जमीन है। अनिल पर बैंक का करीब सात लाख रुपए व साहूकार का तीन लाख रुपए कर्ज है।

पाठको की राय