पंजाब सरकार ने वीरता पुरस्कार के सैनिकों का मंथली अलाउंस 80 प्रतिशत बढ़ाया
चंडीगढ़
अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव को लेकर राज्य में सियासी सरगर्मियां बढ़ गई हैं। हर पार्टी अभी से ही वोटरों को लुभाने में जुटी है तो वहीं आज राज्य की कांग्रेस सरकार ने सेना के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने रक्षा कर्मियों के मंथली अलाउंस में 80 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इस बारे में जानकारी राज्य के डिफेंस सर्विसेस वेलफेयर डिपार्टमेंट के प्रवक्ता ने मंगलवार को मीडिया को दी।
वीरता पुरस्कार के सैनिकों का मंथली अलाउंस 80 प्रतिशत बढ़ा
प्रवक्ता के मुताबिक इस वक्त प्रांत में वीरता और विशिष्ट पुरस्कारों के 2044 वीर सैनिक हैं। इनमें से जो परमवीर चक्र विजेता हैं उनके अलाउंस को बढ़ाकर अब 41,580 रुपये कर दिया गया है, अभी तक उनका अलाउंस 23100 रुपये था, तो वहीं अशोक चक्र विजेताओं का अलाउंस अब 33,264 रु कर दिया गया है जो कि अभी तक 18,480 रुपये था, जबकि महावीर चक्र विजेताओं को अब 31,601 रुपये अलाउंस मिलेगा जो कि अभी तक 17,556 रुपये था।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी राजनीति में आने से पहले 1963 से 1966 तक भारतीय सेना के लिए काम किया है। इससे पहले सीएम अमरिंदर सिंह ने चुनाव के मद्देनजर और पार्टी में चल रही समस्याओं के निवारण के लिए एक 4 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। जो कि पार्टी के अंदर चल रही कलह को सुलझाएगी जिससे कि पार्टी के नेताओं का मनमुटाव का असर राजनीतिक मामलों पर ना पड़े। इस कमेटी में चार लोग हैं जो कि हमेशा सीएम आवास पर रहेंगे और पार्टी और राजनीतिक समस्याओं पर नजर रखेंगे।

पाठको की राय