नाइट पार्टियों में ड्रग्स देने वाला तस्कर चिनहट में गिरफ्तार
लखनऊ
दिल्ली, मुम्बई की तरह अब लखनऊ में भी चोरी छिपे होने वाली नाइट पार्टियों में मैथाडोन नाम की ड्रग्स सप्लाई करने वाले तस्कर दानिश सिद्दकी को एसटीएफ ने शनिवार देर रात चिनहट में गिरफ्तार कर लिया। उसने खुलासा किया कि इसी साल अप्रैल में उसने काफी ड्रग्स अलग-अलग स्थान पर पार्टियां करने वाले लड़कों को बेची। वह अब तक पांच लाख रुपये से अधिक की मैथाडोन पार्टियों के लिये दे चुका है। दानिश के आका समेत चार लोगों की तलाश की जा रही है। एसटीएफ के एएसपी सत्यसेन ने बताया कि दानिश सिद्दिकी उर्फ ईश अली मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला है। यहां वह चिनहट के मल्हौर स्थित यदुवंश हास्टल के रूम नम्बर 30 में रह रहा था। वह इस समय हजरतगंज में एक निजी संस्थान ने इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स कर रहा था। एसटीएफ को कई दिन से सूचना मिली थी कि चिनहट में कुछ लोग युवाओं को ड्रग्स उपलब्ध करा रहे हैं जिसका इस्तेमाल नाइट पार्टी में किया जा रहा है। इस पर ही एसटीएफ ने छापा मारा तो दानिश पकड़ा गया जबकि उसके साथी भाग निकले। दानिश के पास काफी मात्रा में ड्रग्स व 62 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
कुरियर से आती थी ड्रग्स
दानिश ने एसटीएफ को बताया कि वह दिल्ली में कुछ लोगों से ये ड्रग्स मंगवाता था। वहां से उसे 20 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के हिसाब से मिलती थी। भुगतान ऑनलाइन करने पर उसके आका दिल्ली से कुरियर के जरिये यह ड्रग्स उस तक भिजवाते थे। वह लखनऊ में चार से छह हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से युवाओं को देता था।

पाठको की राय