Monday, October 26th, 2026

नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल ने कार्यभार ग्रहण किया

भोपाल

मध्यप्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल ने आज राजभवन में मध्यप्रदेश के राज्यपाल का कार्यभार ग्रहण किया। प्रदेश के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मोहम्मद रफीक ने उन्हें राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह में मध्यप्रदेश की निवृत्तमान राज्यपाल एवं वर्तमान में उत्तरप्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेताप्रतिपक्ष कमलनाथ, गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, वित्त और वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा, वन मंत्री विजय शाह, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महनिदेशक विवेक जौहरी, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डी.पी. आहूजा आदि उपस्थित थे।

शपथ ग्रहण समारोह का प्रारंभ एवं समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ। इसके बाद राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल को सम्मान गारद द्वारा सलामी दी गई।

राज्यपाल मंगूभाई छगनभाई पटेल का जन्म एक जून 1944 को गुजरात के नवसारी में हुआ था। वे गुजरात के नवसारी से पाँच बार और गणदेवी से एक बार विधायक रहे। उन्होंने 27 वर्ष तक विधायक के रूप में कार्य किया है। वे वर्ष 1997 से 2002 तक आदिम जाति कल्याण (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री तथा वर्ष 2002 से 2012 तक आदिवासी कल्याण, वन और पर्यावरण मंत्री रहे हैं।

 

#मंगूभाई छगनभाई

Source : Agency

पाठको की राय