Thursday, October 22nd, 2026

तमिलनाडु में पटाखे की दुकान में लगी आग, अब तक 5 लोगों की मौत, मुआवजे का ऐलान 

नई दिल्ली
तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले के शंकरपुरम कस्बे में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक पटाखे की दुकान में आग लग गई। जिसमें कम से कम 5 लोगों की मौत की खबर है। घटना में कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालांकि अभी तक आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिवार वालों के लिए तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने मुआवजे का ऐलान कर दिया है। 

राज्य सरकार की तरफ से घोषणा की गई कि पटाखा दुकान में आग लगने से मरने वालों के परिवारों के लिए 5-5 लाख और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती घायलों को 1 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक शंकरपुरम कस्बे में स्थित दुकान में दिवाली की वजह से पटाखे का काफी स्टाक रखा था। मंगलवार को अचानक से दुकान से धुंआ निकलता दिखा, जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक दुकान को आग की लपटों ने घेर लिया था। आनन-फानन में पहुंचीं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक 5 लोगों की मौत हो गई थी। इसकी पुष्टि जिला कलेक्टर पीएन श्रीधर ने की है। उन्होंने कहा कि घायलों का इलाज करवाया जा रहा। साथ ही एक टीम मामले की जांच में जुटी है।

जब 16 लोगों की गई थी जान इस साल फरवरी में तमिलनाडु के विरुधुनगर में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगी थी। जिसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हुई। मृतकों में एक महिला भी शामिल थी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक पटाखा फैक्ट्रियों और दुकानों पर काफी बारूद रहता है, लेकिन उसके संचालक पैसे बचाने के चक्कर में इमरजेंसी के लिए जरूरी सामानों का इंतजाम नहीं करके रखते, जिस वजह से ऐसी घटनाएं होती हैं। 

 

#आग

Source : Agency

पाठको की राय