Wednesday, October 21st, 2026

क्या पंजाब की तरह छत्तीसगढ़ में बदलेंगे CM? दिल्ली पहुंचे कांग्रेस विधायक ने बताई पूरी बात

नई दिल्ली
 पंजाब में कुछ दिनों पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को सीएम की कुर्सी से हटा दिया गया। इसके बाद वहां पर चरणजीत सिंह चन्नी की ताजपोशी हुई। तब से पंजाब पीसीसी में आंतरिक कलह जारी है। वहीं पंजाब में हुए बदलाव के बाद से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच घमासान तेज हो गई है। इस बीच मंगलवार को कांग्रेस के 7-8 विधायक दिल्ली पहुंचे। खबर है कि विधायक हाईकमान से मिलकर सीएम बदलने की मांग रखेंगे, लेकिन कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने इससे इनकार किया है।
 
दिल्ली पहुंचे कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि 7-8 कांग्रेस विधायक दिल्ली आ चुके हैं। कुल 15-16 विधायक आएंगे। हम छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया से मिलेंगे। राहुल गांधी का बस्तर क्षेत्र में दौरा करने का कार्यक्रम है, हम चाहते हैं कि वो हमारे जिलों का भी दौरा करें। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में सीएम बदलने का सवाल ही नहीं है। पार्टी आलाकमान, सभी विधायक और छत्तीसगढ़ के लोग सीएम भूपेश बघेल के प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। सिर्फ एक व्यक्ति से मिलने के लिए सरकार को अस्थिर नहीं किया जा सकता।

 पार्टी में चल रही गुटबाजी पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में पंजाब जैसी स्थिति नहीं है। सभी विधायक और मंत्री एकजुट हैं, क्योंकि उन्हें आलाकमान का आशीर्वाद मिला है। वैसे कांग्रेस विधायक भले ही एकजुटता की बात कर रहे हों, लेकिन टीएस सिंहदेव की नाराजगी पहले ही सबके सामने आ चुकी है। वो चाहते हैं कि ढाई साल वाले फॉर्मूले के हिसाब से अब उन्हें सीएम बनाया जाए।


पंजाब के हालात से हाईकमान परेशान
एक ओर मंगलवार को सिद्धू ने पीसीसी चीफ पद से इस्तीफा दे दिया, तो वहीं दूसरी ओर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके बाद से उम्मीद जताई जा रही है कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं। वहीं हाईकमान से नाराज सिद्धू के भी दूसरी पार्टी में जाने के कयास लगाए जा रहे हैं। जिस वजह से कांग्रेस हाईकमान की टेंशन बढ़ गई है।

 

Source : Agency

पाठको की राय