Wednesday, October 21st, 2026

कोलकाता नाइट राइ़डर्स की प्लेऑफ में जगह लगभग पक्की 

नई दिल्ली 
इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) 2021 में गुरुवार को डबल हेडर मुकाबले खेले गए। कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिन के दूसरे मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 86 रन से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। इस जीत के साथ ही केकेआर ने प्वॉइंट टेबल में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। केकेआर के 14 मैचों में अब 14 प्वॉइंट है और वो प्वॉइंट टेबल में चौथे स्थान पर बनी हुई है। राजस्थान रॉयल्स की बात करें तो उसके प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद ना के बराबर है। राजस्थान प्वॉइंट टेबल में 10 प्वॉइंट के साथ सातवें नंबर पर है। दिल्ली कैपिटल्स प्वॉइंट टेबल में टॉप पर है। 

दिल्ली के 20 प्वॉइंट है और उसे लीग चरण में एक और मुकाबला खेलना है। चेन्नई सुपर किंग्स को गुरुवार को खेले गए पहले मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मात दी। चेन्नई 18 प्वॉइंट के साथ प्वॉइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। पंजाब किंग्स जीत के बावजूद आईपीएल 14 के प्लेऑफ से बाहर हो गई है। पंजाब के 14 मैचों में 12 प्वॉइंट हैं और वो पांचवे पायदान पर है। मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में जगह पाने के लिए शुक्रवार को होने वाले मैच में हैदराबाद को 171 रनों के अंतर से हराना होगा। वो इस समय प्वॉइंट टेबल में छठे पायदान पर है। सनराइजर्स हैदराबाद  प्वॉइंट टेबल में आखिरी पायदान पर है।
 
कल के मैच की बात करें तो कोलकाता ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 171 रन बनाया और फिर राजस्थान को 16.1 ओवर में केवल 85 रनों पर ऑलआउट कर दिया। कोलकाता की तरफ से शिवम मावी ने अपने करियर की बेस्ट गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में 21 रन देकर चार विकेट चटकाए।  उनके अलावा फर्ग्युसन ने तीन और शाकिब अल हसन तथा वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया। राजस्थान की तरफ से राहुल तेवतिया ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। 

 

#कोलकाता नाइट राइ़डर्स

Source : Agency

पाठको की राय