Thursday, October 22nd, 2026

किसानों को मिला वरूण गांधी का साथ, कहा- वे हमारे ही खून, उनका दर्द समझें

नई दिल्ली

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के जीआईसी मैदान में आज किसान महापंचायत जारी है। देशभर से सैकड़ों किसानों का सैलाब इसमें हिस्सा लेने के लिए पहुंचा है। महिलाएं भी बढ़-चढ़कर अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही है। महापंचायत के मद्देनजर सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल तैनात हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान कृषि कानूनों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए यहां इकट्ठा हुए हैं। माना जा रहा है कि महापंचायत में अगले साल यूपी और उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराने के लिए भी रणनीति बन सकती है। इस महापंचायत में देशभर के 300 से ज्यादा सक्रिय संगठन शामिल हुए हैं। बीकेयू नेता नरेश टिकैत मुजफ्फरनगर पहुंच गए हैं। महापंचायत के मंच पर राकेश टिकैत, योगेंद्र यादव सहित कई अन्य किसान नेता मौजूद हैं।

हम स्थिति की कर रहे हैं निगरानी 
मुजफ्फरनगर में किसान महापंचायत को लेकर यूपी एडीजी (कानून और व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने कहा, 'हमने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। पीएससी की 25 कंपनियां और मेरठ जोन के तहत 20 अधिकारियों को तैनात किया गया है। हमने यातायात की सुचारू आवाजाही के लिए ट्रैफिक अलर्ट जारी किया है। हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।'

बीजेपी सांसद वरूण गांधी बोले- उनका दर्द समझें
बीजेपी सांसद वरूण गांधी ने किसानों का दर्द समझने की अपील की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'मुजफ्फरनगर में आज प्रदर्शन के लिए लाखों किसान जुटे हैं। वो हमारा ही खून हैं। हमें उनके साथ फिर से सम्मानजनक तरीके से जुड़ने की जरूरत है। उनका दर्द समझें, उनका नजरिया देखें और जमीन तक पहुंचने के लिए उनके साथ काम करें।'

 

#वरूण गांधी

Source : Agency

पाठको की राय