कस्टमर बनकर दुकान में घुसे बदमाश, ग्राहक और दुकानदार को गन पॉइंट पर लेकर लूटे लाखों के गहने
आरा
आरा में बेखौफ अपराधियों ने सोमवार को सरेशाम आभूषण व्यवसायी को बंधक बना करीब साढ़े छह लाख के जेवर लूट लिये। जेवर व्यवसायी को दुकान में बंधक बना लूट की इस घटना को अंजाम दिया गया। दुकान का शटर गिरा कर व्यवसायी और मौजूद ग्राहकों को गन प्वाइंट पर लेकर गहने लूटने के बाद मुंह बांधे बदमाश आराम से चलते बने। लूट की यह वारदात शहर के पॉश इलाके माने जाने वाले सर्किट हाउस के समीप स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। लुटेरों की संख्या करीब आधा दर्जन बतायी जा रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बाइक पर सवार होकर अलग-अलग दिशा में भाग निकले। व्यवसायी पवन कुमार की ओर से शोर मचाने पर लोगों को लूट की जानकारी हुई। दिनदहाड़े लूट की इस वारदात से शहर में सनसनी मच गयी। पुलिस महकमे में भी खलबली मच गयी। लूट की सूचना मिलने पर नवादा थानाध्यक्ष संजीव कुमार और चीता टीम पहुंच गयी।

पाठको की राय