Thursday, October 22nd, 2026

उद्धव ठाकरे ने लोगों को ऐसे चेताया- महाराष्ट्र में कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई

 मुंबई 
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब पूरी तरह से नियंत्रण में है, मगर तीसरी लहर को लेकर उद्धव सरकार कोई कोताही नहीं बरतना चाहती है। महाराष्ट्र सरकार ने बुधवार को दावा किया कि राज्य में कोरोना की दूसरी लहर कंट्रोल में है। इस बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने आम लोगों से खासकर आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए तीसरी लहर को रोकने के लिए कोरोना के प्रोटोकॉल को अपनाने की अपील की। उद्धव ठाकरे ने राज्य के लोगों को आगाह किया कि दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है।


महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना के 5,132 नए मामले सामने आए और 158 मौतें हुईं। राज्य मंत्रिमंडल की बैठक के बाद एक बयान में सरकार ने कहा कि औसत साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट अब घटकर 2.4% हो गई है। इसके अलावा, राज्य के 36 जिलों में से नंदुरबार जिले में शून्य रोगी मिले, छह जिलों में 10 से कम और आठ जिलों में 100 से कम रोगी सामने आए।

राज्य सरकार ने यह भी कहा कि 45 से ऊपर के लगभग 50% नागरिकों को वैक्सीन की कम से कम एक खुराक दी गई है, जबकि 18-45 आयु वर्ग में यह संख्या 25% है। कुल मिलाकर, 5 करोड़ से अधिक नागरिकों को एक खुराक दी गई है, जबकि 13,307,000 लोगों को बुधवार तक पूरी तरह से टीका लगाया गया था।

 

#उद्धव ठाकरे

Source : Agency

पाठको की राय