Thursday, October 22nd, 2026

आज अयोध्या में रामायण कान्क्लेव का शुभारंभ करेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 

 लखनऊ 
 उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की स्वायत्तशासी संस्था अयोध्या शोध संस्थान की ओर से ‘जननायक राम’ का संदेश प्रसारित कर युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरित करने की भावना को लेकर प्रदेश के 16 जनपदों में रामायण कान्क्लेव के आयोजन का प्रस्ताव किया गया है। इस कान्क्लेव का शुभारम्भ अयोध्या में रविवार को दोपहर 12 बजे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद करेंगे। अयोध्या में राष्ट्रपति कोविंद के प्रथम आगमन पर राज्य सरकार की ओर से व्यापक सुरक्षा प्रबंध के साथ भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।

लखनऊ से प्रेसीडेंसियल ट्रेन से राष्ट्रपति कोविंद अयोध्या रेलवे स्टेशन पूर्वाह्न 11.40 बजे पहुंचेंगे। स्टेशन पर राष्ट्रपति की अगवानी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा रेलवे बोर्ड के अधिकारी करेंगे। यहां से राष्ट्रपति को सीधे रामकथा पार्क के कार्यक्रम स्थल पर ले जाया जाएगा। रामायण कान्क्लेव के उदघाटन समारोह में राष्ट्रपति का स्वागत उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के अतिरिक्त पर्यटन व संस्कृति राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी करेंगे। इस मौके पर राष्ट्रपति कोविंद संस्कृति विभाग के तुलसी स्मारक भवन के आधुनिकीकरण का लोकार्पण करेंगे।

इसके अलावा रामायण सर्किट के अन्तर्गत पर्यटन विभाग की ओर से प्रस्तावित  यात्री बस अड्डा एवं लक्ष्मण सहस्त्रधारा पर नवनिर्मित घाट का भी लोकार्पण करेंगे। पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अविनाश मिश्र के अनुसार राष्ट्रपति कोविंद इस दौरान विभाग की ओर से अयोध्या पर तैयार की गई बुकलेट को भी लोकार्पित करेंगे। इस अवसर पर राष्ट्रपति का उद्बोधन भी होगा। उदघाटन समारोह के श्रीगणेश के साथ सर्वप्रथम भगवान राम की महिमा पर आधारित ‘शबरी गान’ पद्मश्री मालिनी अवस्थी करेंगी। कार्यक्रम का समापन सेना के बैंड की ओर से राष्ट्रगान से होगा।

 

#राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 

Source : Agency

पाठको की राय