वंचित समुदाय को सशक्त करेगा भारतीय प्रतिष्ठान
( अमिताभ पाण्डेय )
भोपाल । अंकुरण कार्यक्रम के अंतर्गत मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की चयनित महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में संचालित होने वाली जमीनी स्तर की सामाजिक संस्थाओं की क्षमतावर्धन हेतु तीन दिवसीय वित्तीय प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन भोपाल में किया गया. इस अवसर पर संस्थाओं को बजट निर्माण, वित्तीय प्रतिवेदन तैयार करने, ऑडिट इत्यादि प्रक्रियाओं के बारे में प्रशिक्षित किया गया एवं सम्बंधित कानूनों और नियमों के बारे में भी जागरूक किया गया.
भारतीय प्रतिष्ठान- नेशनल फाउंडेशन फॉर इण्डिया की प्रतिनिधि सुश्री इप्सा प्रतिबिम्बिता सारंगी ने बताया कि मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उडीसा की ऐसी बीस जमीनी काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं का चयन अंकुरण कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया है जिनका नेतृत्व समाज के वंचित समुदायों से सम्बंधित युवा महिला साथी कर रही हैं. आगामी तीन वर्षों तक भारतीय प्रतिष्ठान द्वारा इन संस्थाओं को तकनीकी एवं वित्तीय सहयोग प्रदान किया जायेगा ताकि वे वंचित समुदाय की बेहतरी हेतु अपना काम सुचारू रूप से संचालित कर सकें एवं उनकी संस्था का संचालन बेहतर रूप से किया जा सके.
प्रतिष्ठान के राज्य प्रतिनिधि सत्येन्द्र पाण्डेय ने बताया कि इन संस्थाओं की आवश्यकताओं का अध्ययन कर जरूरी सहयोग प्रदान किया जा रहा है .
नेतृत्व विकास, कार्यक्रम तथा संस्था प्रबधन, वित्तीय प्रबंधन, संवैधानिक एवं लोकतान्त्रिक मूल्य, जेन्डर और डिजिटल माध्यमों के बेहतर इस्तेमाल हेतु व्यवस्थित क्षमतावर्धन किया जा रहा है. संस्थाओं के वेबसाईट आदि निर्माण में भी सहयोग प्रदान किया जायेगा ताकि वे अपने कामों को दुनिया के सामने सकारात्मक रूप से प्रस्तुत कर सकें.
वित्तीय प्रबंधन की कार्यशाला के लिए दिल्ली से आये सी.एस. शरद भार्गव और सी.ए. सुश्री मौली ने तीन दिन तक संस्था प्रमुखों एवं उनके लेखपालों को सामाजिक संस्थाओं के काम में आने वाले प्रमुख वित्तीय प्रावधानों, नीतियों, प्रक्रियाओं एवं क़ानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रदान की. प्रतिभागियों को आयकर अधिनियम में आये परिवर्तनों, श्रम कानूनों एवं सामाजिक सुरक्षा प्रावधानों की जानकारी भी प्रदान की गई ताकि वे अपने कामों को नियमानुसार उचित ढंग से पूर्ण कर सकें. इस अवसर पर प्रतिष्ठान के वित्त प्रबंधक राजीव पिल्लई, बिद्यारानी देवी और समीर मालिक आदि ने प्रशिक्षण में योगदान किया. प्रतिभागियों में मुख्य रूप से प्रमिला चौहान-खंडवा, कविता सोनकिया- हरदा, मना मंडलेकर- टिमरनी, शबाना- छिंदवाडा, निशा वर्मा- जबलपुर, रीना रामटेके- अमरकंटक, प्रीति पुरैना- रायपुर, प्रेरणा कैतवास- महासमुंद, सियादुलारी आदिवासी- रीवा और रीना शाक्य- ग्वालियर शामिल हैं ।

पाठको की राय