Friday, October 23rd, 2026

अखिलेश यादव ने कहा- BJP की उपेक्षा के चलते उत्तर प्रदेश में बदहाल हुई स्वास्थ्य सेवाएं

लखनऊ
 उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर तंस कसते हुए तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा सरकार की उपेक्षा के चलते उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हो गई है।' प्राइवेट अस्पतालों की मनमानी पर कोई नियंत्रण नहीं है। दवाओं, इंजेक्शन की कालाबाजारी बेरोकटोक जारी है। कोरोना कर्फ्यू और ऑक्सीजन की किल्लत ने लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है।
 
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा दोतरफा बातें और चालें चलती है। एक तरफ सरकार कहती है कि कोरोना का इलाज फ्री में है वहीं दूसरी ओर सरकारी बैंक कोरोना इलाज के लिए 8.5 प्रतिशत की ब्याज दर से लोन दे रहे है। यादव ने कहा कि बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल यह है कि मिर्जापुर के तिलोवगांव में एक गंभीर मरीज को चारपाई में लादकर उपचार के लिए 8 किलोमीटर पैदल चलकर अस्पताल पहुंचाने का तस्वीर सामने आई है। भाजपा राज में गंभीर मरीजों को एंबुलेंस तक नसीब नहीं है।

समाजवादी सरकार ने 108 एम्बुलेंस सेवा शुरू की थी उसकी व्यवस्था भाजपा ने चौपट कर दी। कानपुर में ठेले पर एक मरीज को लाने ओर कूड़ा गाड़ी में शव ले जाने की शर्मनाक घटनाएं भी हुई है। निजी अस्पतालों ने कोरोना संकट में जबरन लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी। आगरा के पारस अस्पताल में ऑक्सीजन बंद कर मरीजों को मौत के मुंह में जाने दिया गया। सरकार ने जो दरें इलाज और आवश्यक दवाओं के लिए तय की, उनका कहीं पालन नहीं हुआ।

 

#अखिलेश यादव

Source : Agency

पाठको की राय