Thursday, October 22nd, 2026

युजवेंद्र चहल ने IPL में बनाया खास रिकॉर्ड,14 मैच में 26 विकेट

मुंबई

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के 68वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2022 की पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई। आईपीएल 2008 के बाद यह पहली बार है जब राजस्थान रॉयल्स ने टॉप-2 में रहते हुए लीग स्टेज का सफर खत्म किया है। राजस्थान ने एक ओर जहां उपलब्धि हासिल की। वहीं, उसके गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने भी इतिहास रचा।

युजवेंद्र चहल के इस सीजन 14 मैच में 26 विकेट हो चुके हैं। उन्होंने आईपीएल में किसी स्पिनर द्वारा एक सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने के इमरान ताहिर के रिकॉर्ड की बराबरी की। इमरान ताहिर ने आईपीएल 2019 में 17 मैच में 16.57 के औसत और 6.69 की इकॉनमी से 26 विकेट लिए थे। युजवेंद्र चहल ने अभी 14 मैच ही खेले हैं। उनकी टीम प्लेऑफ में भी पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ में कम से कम 2 मैच खेलने को मिलेंगे। ऐसे में यदि वह एक विकेट भी लेने में सफल रहते हैं तो आईपीएल में किसी एक सीजन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्पिनर बन जाएंगे।

उधर, चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजों के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ, जब चेन्नई सुपर किंग्स का कोई भी बल्लेबाज किसी एक सीजन में 400 या उससे ज्यादा रन नहीं बना पाए। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 400+ बनाने का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है।


क्रिकेट प्रशंसकों में मिस्टर आईपीएल के नाम से मशहूर सुरेश रैना ने 2008 से 2014 तक हर सीजन 400+ रन बनाए थे। उन्होंने 2018 के सीजन में भी 400+ रन बनाए थे। सुरेश रैना के अलावा चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे ज्यादा बार एमएस धोनी (2008, 2013, 2018, 2019) ने 400 या उससे ज्यादा रन बनाए।

मैथ्यू हेडेन (2009), मुरली विजय (2010, 2011), माइकल हसी (2011, 2013), स्टीव स्मिथ (2014), ब्रेंडन मैकुलम (2014, 2015), शेन वाटसन (2018), अंबाती रायुडू (2018), फाफ डुप्लेसिस (2020, 2021) और ऋतुराज गायकवाड़ (2021) भी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए 400+ रन बना चुके हैं। आईपीएल 2022 में ऋतुराज गायकवाड़ चेन्नई सुपर किंग्स के टॉप स्कोरर रहे। उन्होंने 14 मैच में 26.29 के औसत और 126.46 के स्ट्राइक रेट से 368 बनाए।

 

#युजवेंद्र चहल ने IPL

Source : Agency

पाठको की राय